पानीपत। मलिक एन्क्लेव में आयोजित माता की चौकी में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजन के दौरान देर रात तक महामाई का गुणगान होता रहा और श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। मौसम खराब होने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। कॉलोनीवासियों ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर अपने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
माता की चौकी में डीएसपी मुख्यालय विकास चहल सहित कॉलोनी के प्रबुद्ध लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें सुभाष मलिक, अरविंद, जितिन, सीए दीपक, डॉ. अजय और विशाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी ने महामाई का आशीर्वाद प्राप्त किया और भजन-कीर्तन में सहभागिता की। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे एवं प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई थी।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि मलिक एन्क्लेव में 12 सदस्यीय समिति गठित की है। यह प्रतिवर्ष धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों का भी संचालन करती है। इसी कड़ी में समिति द्वारा पिछले वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। समिति का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के प्रसार के साथ समाजसेवा और आपसी सौहार्द को मजबूत करना है। देर रात तक चले जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
31 32
मलिक एन्क्लेव में माता की चौकी में भजन सुनते श्रद्धालु। स्रोत : सोशल मीडिया