हरियाणा से यूपी की ओर खाद ले जाते हुए ट्रैक्टर ट्राली चालक।
- फोटो : टाउनहाल परिसर में समाजवादी पार्टी का कार्यालय।
सनौली। हरियाणा से उत्तर प्रदेश में यूरिया व डीएपी खाद की आपूर्ति पर रोक के बावजूद खाद तस्करी का खेल खुलेआम जारी है। सनौली बॉर्डर और सूखी यमुना क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्रॉली, मैक्स जीप, ऑटो और कैंटरों में भरकर तस्कर रात के समय बड़ी मात्रा में खाद यूपी ले जा रहे हैं। कृषि विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने के चलते तस्करों के हौसले बुलंद बताए जा रहे हैं।
कृषि विभाग के निदेशक चंडीगढ़ व पानीपत डीडीए की और से यमुनानगर, करनाल, पानीपत व सोनीपत जिलों में हरियाणा से यूपी खाद भेजने पर रोक के आदेश जारी किए हैं। बावजूद इसके तस्करी जारी है। किसानों का कहना है कि सनौली यमुना बॉर्डर से पुलिस नाका हटने के बाद खाद तस्करी में तेजी आई है। किसानों विपिन, संदीप, सतीश, रमेश व सुनील ने जिला प्रशासन से यूपी जा रही खाद को तुरंत रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि हरियाणा सरकार की सब्सिडी का लाभ किसानों के बजाय तस्कर उठा रहे हैं।
ब्लॉक कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि हरियाणा से यूपी में खाद ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है और पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सनौली थाना प्रभारी वेदपाल ने कहा कि यदि रोक के आदेश हैं तो जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।