समालखा। जीटी रोड के फ्लाईओवर की दीवार पर पार्षदों के विरोध के बावजूद भी चित्रकारी का काम जारी है। 28 जनवरी को हाउस की बैठक में पार्षदों ने इसके बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही थी। जिन दीवारों पर चित्रकारी हो रही है वो दीवार भी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की है। नगर परिषद के सामने 49 लाख की लागत से नेशनल हाईवे की दीवार पर लगभग तीन हजार वर्ग मीटर पर चित्रकारी का काम किया जा रहा है, इसके बारे में पार्षदों को जानकारी तक नहीं है। एजेंडा में शामिल नहीं होने से यह आमसभा की बैठक में पास भी नहीं हुआ था। कप्तान छौक्कर, रेणू धीमान समेत कई पार्षदों ने आरोप लगाए कि शहर में गंदे पानी की निकासी के लिए उचित नाले, नालियां, पुलिया, गली व सड़क की समस्याएं हैं। वार्डों में सफाई का बुरा हाल है। वार्डों में विकास के कार्य नहीं हो रहे हैं। टूटे नालों से जनता को परेशानी हो रही है, वहीं चित्रकारी के नाम पर लाखों रुपये बगैर प्रस्ताव और सहमति के कैसे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से इस बाबत जवाब भी मांगे थे लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया।
पार्षद मनीष ने कहा कि उसके द्वारा विरोध करने के बाद से उसके लिए परेशानी खड़ी हो गई है। महिला पार्षद सहित अधिकांश ने सरेआम इसका विरोध किया था, इसके बिल पास नहीं करने की बात तक कही थी लेकिन एक-दो दिन काम रुकने के बाद उसे दोबारा चालू कर दिया गया। नगर पालिका अधिकारियों द्वारा की जा रही मनमानी का लोग विरोध कर रहे हैं। सचिव पंकज जून ने बताया कि यह काम उसके आने से पहले ही शुरू हो गया था, इसके बारे में उन्हें ज्यादा कोई जानकारी नहीं है।