पानीपत। एंबुलेंस के लिए आठ बार कॉल करने के बाद भी कंट्रोल रूप का फोन नहीं उठा। एंबुलेंस न मिलने पर बाइक पर गर्भवती पत्नी को खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए मजबूर गांव बुड़शाम निवासी राजेंद्र ने डीसी सुशील सारवान को एंबुलेंस कंट्रोल रूम के कर्मचारियों की शिकायत दी है। इस शिकायत पर डिप्टी सीएमओ ने एंबुलेंस कंट्रोल रूम कर्मचारियों को फटकार लगाई।
राजेंद्र का कहना है कि उसने 31 अगस्त को आठ बार एंबुलेंस कंट्रोल रूम में कॉल की थी। किसी ने कॉल नहीं उठाई। उसे गर्भवती पत्नी को बाइक पर ले जाना पड़ा। ऐसे में उसकी पत्नी की हालत गंभीर हो गई। इस मामले की जांच के लिए सोमवार को डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शशि गर्ग ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाया। डॉ. शशि गर्ग ने जैसे ही राजेंद्र को कहा कि उनको हेल्पलाइन नंबर 108 ठीक है। राजेंद्र ने तुरंत अपने नंबर से 108 पर कॉल की। डॉ. शशि के सामने एंबुलेंस कंट्रोल रूम के कर्मचारी ने कॉल तो उठाई लेकिन बिना बात किए ही काट दी। दूसरी बार भी ऐसा ही हुआ। तीसरी बार जब राजेंद्र ने कॉल कर कहा कि डिप्टी सिविल सर्जन बात करना चाहती हैं। तब कंट्रोल रूम के कर्मचारी ने बात की। इस पर डॉ. शशि गर्ग ने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने राजेंद्र को मामले में उचित कार्रवाई का भी आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी ओर राजेंद्र का कहना है कि वो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जांच से संतुष्ट नहीं है। वो इस मामले की जांच डीसी से ही करवाना चाहते हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. शशि गर्ग ने बताया कि एंबुलेंस के लिए 102, 108 नंबर के अलावा हमने 79889-60108 नंबर जारी किया है। ये मोबाइल नंबर 24 घंटे ऑन रहेगा।