पानीपत। सर्दी बढ़ने पर डेंगू का डंक कम हो गया है। इस साल अब तक डेंगू के 93 मामले सामने आए हैं। जबकि पिछले साल 314 थे। स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता का असर बताया है। वहीं इस साल मलेरिया के सात और चिकनगुनिया के तीन मामले आए हैं। मामले कम आने से स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम भी सीमित कर दी हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में इस साल अभी तक डेंगू के कुल 93 मामले ही सामने आ हैं। इनमें से कोई भी गंभीर नहीं रहा। सिर्फ एक दिन के इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली। इनमें ज्यादातर मामले काबड़ी, सैनी कॉलोनी, देशराज कॉलोनी, बांध गांव, तहसील कैंप, बापौली, समालखा, बरसत रोड, ऊंटला गांव से रहे। जहां पर विभाग ने डेंगू संक्रमित मिलने पर फॉगिंग भी कराई। स्वास्थ्य निरीक्षक जसमेर सिंह ने बताया कि विभाग की टीम ने आशा कर्मी के साथ मिलकर डोर-टू-डोर लार्वा एक्टिविटी अप्रैल में ही शुरू कर दी थी जिसमें लोगों को पंपलेट बांटकर, नुक्कड़ सभा के माध्यम से जागरूक किया गया।
लोगों को स्वच्छता रखने के लिए और डेंगू के मच्छर से बचने के उपाय भी बताए। लोगों को बताया गया कि अपने घर के आस-पास पानी जमा न होने दें क्योंकि जमा पानी में ही मच्छर पनपता है। सप्ताह में एक दिन सूखा दिवस अवश्य मनाना चाहिए। पानी से भरे गड्ढे को मिट्टी से भर दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहने, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, घर के दरवाजे व खिड़कियों पर उपयुक्त जाली का इस्तेमाल करें आदि बचाव करके हम डेंगू के मच्छर से बच सकते हैं। यदि किसी को वायरल बुखार, खांसी-जुकाम होते है जो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाए। स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की नि:शुल्क जांच की जाती है।
इन जगहों पर हुई जांच में मिला लार्वा
जगह जांच की लार्वा
हाउस 1951981 13833
कूलर 434130 4139
टंकी 792890 998
हौदी 219622 720
फ्रीज 703485 1603
छत 439464 113
कन्टेंनर 2218875 4588
नोटिस दिए : 4058 को
मामले डेंगू मलेरिया चिकनगुनिया
2024 314 6 4
2025 93 7 3
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस साल अप्रैल में ही डोर-टू-डोर लार्वा एक्टिविटी और लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया था जिसके परिणामस्वरूप इस साल डेंगू के मामले पिछले साल की अपेक्षा आधे से भी कम हैं। लोगों में जागरूकता आ रही है।
- डॉ. सुनील संदूजा, जिला मलेरिया अधिकारी।