बापौली। ओवरलोडेड डंपरों के कारण गढ़ी बेसिक गांव की कई सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं। कई सड़कों पर तो पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन पर न केवल ओवरलोडेड डंपर चलते हैं, बल्कि रेत का खनन भी अवैध रूप से किया जा रहा है।
गढ़ी बेसिक निवासी बिलाल, मन्नुवर हसन, नूरदीन रावल, काशिद रावल, सादिक चौहान, शहनवाज राणा, सरवर अली, जुबैर रावल, मुनफैद, महबूब अली और इकलाख ने बताया कि जबसे गांव के नजदीक यमुना में रेत का खनन शुरू हुआ है। तबसे उनका गांव से निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीण ओवरलोडेड डंपरों के चलते हर समय भय के वातावरण में जीने को मजबूर हैं।
इनकी गति इतनी तेज होती है कि न केवल उनसे रेत उड़कर ग्रामीणों के घरों में जाता है। गलियों और सड़कों से भी धूल-मिट्टी उड़कर खाने के वस्तुओं में पहुंच रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इनमें कुछ डंपर चालक तो नशे में होते हैं, जिन्हें टोकते हैं तो लड़ाई पर उतारू हो जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन ने मांग की है कि शीघ्र ओवरलोड डंपर पर लगाम नहीं कसी गई तो मजबूरन उन्हें बड़ा प्रदर्शन करना पड़ेगा।