संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। माकपा ने आईपीएस वाई पूरण कुमार और एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या पर चिंता व्यक्त की और पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तर पर जांचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर जिला सचिव डॉ. सुरेंद्र मलिक ने कहा कि इस घटनाक्रम ने गृह विभाग के उच्च अधिकारियों की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। आईपीएस की खुद की शिकायतों की सुनवाई नहीं हुई तो आम नागरिकों में न्याय के प्रति कैसे भरोसा हो सकता है।
आईपीएस के आत्महत्या के मामले के सात दिन बाद 14 अक्तूबर को एक और दुखद घटना हुई। जिससे अब शासन तंत्र पर अनेक सवाल खड़े हो रहे हैं। साइबर शाखा रोहतक में तैनात जुलाना (जींद) निवासी संदीप लाठर ने आत्महत्या कर ली। वह सुनारिया पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में महानिदेशक के पद पर तैनात वाई पूरण कुमार के गनमैन सुशील कुमार को उनकी गाड़ी से गिरफ्तार करने वाली टीम का हिस्सा थे। वीडियो में मृतक वाई पूरण कुमार पर कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। माकपा ने मांग की है कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में करवाई जाए।