एसडीएम समालखा को मांग पत्र सौंपते यूनियन सदस्य। यूनियन
- फोटो : योगेश कुशवाहा
समालखा। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन ने झांबा गांव की महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती में बिजली, पानी, गली व नाली जैसी सुविधाओं में अनदेखी बरतने के आरोप बीडीपीओ व पंचायत पर लगाए हैं। यूनियन एसडीएम समालखा को शिकायत व मांगपत्र दिया है।
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन राज्य महासचिव राजेंद्र ने बताया कि हरियाणा सरकार की आवासीय योजना महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत गांव के जरूरतमंद 90 पात्र परिवारों को 100 वर्ग गज के रिहायशी प्लाट आवंटित किए गए हैं। इन प्लाटों पर काफी संख्या में लाभार्थियों ने अपने बूते अनुसार कच्चे-पक्के मकानों का निर्माण कर बस्ती को आबाद किया हुआ है।
पहले भी मौखिक एवं लिखित रूप से ग्राम पंचायत झांबा सरपंच और बीडीपीओ सनौली खुर्द सहित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को भी समस्याओं बारे लिखा जा चुका है। संबंधित विभागों द्वारा मौखिक रूप से संज्ञान में लाया गया कि ग्राम पंचायत झांबा गांव द्वारा महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती में नागरिक सुविधाओं बारे प्रस्ताव पारित किया जाना जरूरी है। बस्ती वासियों को मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बजाय जानबूझकर गरीब परिवारों, अनुसूचित एवं पिछड़ी जाति के परिवारों से संबंधित समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है।
उन्होंने एसडीएम समालखा को शिकायत देकर मांग है कि नियमानुसार मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और गैर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मौके पर सतपाल, जयकरण, सुमेर सिंह, शिवकुमार, महमूद हसन, मामन, रमेश बजाज, रिंकू, मुकेश, नसीम फातिमा व बानो मौजूद रही।