दिल्ली के एक युवक ने पानीपत में एक कमरे में चादर के जरिए फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि युवक 15 दिन पहले काम की तलाश में पानीपत आया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी आरुष (24) गत 15 दिन पहले ही पानीपत आया था। वह सेक्टर-25 स्थित मित्तल मेगा मॉल में स्थित क्रॉस फिट सैलून में नौकरी कर रहा था। वह मॉल के पीछे एक किराए के कमरे पर अपने साथी अंबू सिंह के साथ रहता था। अंबू सिंह ने बताया कि आरुष रविवार को परेशान दिख रहा था। वह सुबह दिल्ली अपने घर के लिए निकला था, लेकिन वह बीच रास्ते से ही सुबह 11 बजे तक वापस आ गया। उसने चाबी ली और कमरे पर चला गया। वह काम खत्म होने के बाद वह शाम करीब साढ़े 6 बजे कमरे पर पहुंचा तो गेट खुला मिला। अंदर पहुंचा तो चादर के सहारे आरुष पंखे से लटका हुआ मिला। उसने पुलिस को सूचना दी, पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद परिजन को सूचना दी।
परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, मामले में 174 की कार्रवाई की गई है। मौत का कारण अभी सामने नहीं आया है।
- एएसआई राजबीर सिंह, सेक्टर 11-12 चौकी प्रभारी