पानीपत। जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह उत्तराखंड नंबर की एक तेज रफ्तार बस ने पीछे से कार को टक्कर मार दी।इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मृतक महिला के पति के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना सेक्टर 31-17 पुलिस को जोगिंद्र निवासी संत नगर बंगाली कॉलोनी बुराड़ी दिल्ली ने बताया कि वह कार पेंटर है। वह शुक्रवार शाम को अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ हिमाचल प्रदेश के पुश्तैनी गांव बदरोल बारोटी गांव से दिल्ली के लिए निकले थे। जब वे शनिवार सुबह करीब सवा आठ बजे पानीपत टोल प्लाजा के पास सीआईए कट के सामने पहुंचे तो जीटी रोड पर उत्तराखंड नंबर की एक तेज रफ्तार बस ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी पत्नी पिंकी धीमार और मधू सोनी को को काफी चोटें आई। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उनकी पत्नी पिंकी को मृत घोषित कर दिया। वहीं मधु को इलाज चल रहा है। जोगिंद्र ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। संवाद