पानीपत। हत्या के अपराध में उम्रकैद काट रहे दोषी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार की रात उसका शव हरिसिंह कॉलोनी चौक पर मिला। मामले में परिजनों की ओर से शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है।
वधावाराम कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय दीपक उर्फ काला ने 2015 में अपने दो साथियों के साथ एक युवक की हत्या की थी। अदालत ने 2017 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह जून से पैरोल पर जेल से बाहर आया था। वीरवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में दीपक उर्फ काला की मौत हो गई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची किला थाना पुलिस ने शव की पहचान कर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
पिता महिपाल ने बताया कि बुधवार को दीपक अपने दोस्त की बाइक लेकर आया था। उसका एक दोस्त उसको बुलाकर ले गया था। रात को 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि दीपक का शव मिला है। सीसीटीवी कैमरों की जांच में दीपक तीन युवकों के साथ दिख रहा है। उन्हें शक है कि दीपक को शराब में जहर देकर मारा गया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नारायण डबास ने शव का पोस्टमार्टम किया और विसरा जांच के लिए मधुबन लैब में भेज दिया है।
15 दिन बाद जाना जेल
जून 2021 में दीपक को दोबारा पैरोल मिल गई थी, जिसके बाद से वह घर पर ही था। अब 15 दिन बाद उसे दोबारा जेल जाना था।
दीपक के दिव्यांग पिता महिपाल ने बताया कि बड़ी बेटी सोनिया की शादी हो चुकी है। दीपक छोटा है और सात साल की उम्र में मां शिक्षा की मौत हो गई थी। वर्ष 2020 में पैरोल में बाहर आने पर दीपक ने दिल्ली निवासी सोनिया से शादी की थी। इसके बाद वह दोबारा जेल चला गया था। जून-2021 में वह फिर पैरोल पर बाहर आया था।
- पोस्टमार्टम व विसरा रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई : एसएचओ
परिजनों के बयान दर्ज कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। विसरा जांच के लिए मधुबन लैब में भेजा गया है। शरीर पर चोट के निशान नहीं है। पोस्टमार्टम व विसरा रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---महिपाल सिंह, एसएचओ किला थाना पुलिस