दशहरा कमेटी रजि. सनौली रोड की जनरल बैठक श्री रघुनाथ धाम मंदिर के सत्संग हाल में आयोजित की गई। बैठक में रमेश माटा को आठवीं बार निर्विरोध तीन वर्षों के लिए प्रधान चुना गया। माटा पिछले 16 वर्षों से लगातार दशहरा कमेटी के सर्वसम्मति से प्रधान बनते आ रहे हैं।
इससे पहले बैठक श्री हनुमान चालीसा के पाठ से शुरू हुई। बैठक में सर्वप्रथम दशहरा कमेटी के चार सदस्य सूरज पहलवान, जगदीश तनेजा, ठाकर दास लखीना, सुनील रामदेव के निधन पर मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात सूरज पहलवान के पुत्र कपिल महेंद्रु, जगदीश तनेजा के पुत्र अमित तनेजा, ठाकर दास लखीना के पुत्र श्रवण लखीना, सुनील रामदेव के पुत्र राघव रामदेव को पटका पहनाकर दशहरा कमेटी की सदस्यता प्रदान की गई। दशहरा कमेटी के लेखा निरीक्षक किशोर अरोड़ा ने दशहरा कमेटी के 2021 तक के आयव्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। विदित हो कि दशहरा कमेटी समाज के निर्धन एवं असहाय लोगों के लिए निशुल्क अन्नपूर्ण वस्त्र एवं अनाज बैंक चला रही है। बैठक में शाम सुंदर बतरा, गजेंद्र सलूजा, कृष्ण शर्मा, रमेश चुघ, कैलाश नारंग, बसंत रामदेव, हरबंस लाल अरोड़ा, प्रीतम गुलाटी आदि उपस्थित रहे।
कमेटी के सदस्य बने चुनाव अधिकारी
दशहरा कमेटी के प्रधान रमेश माटा ने इसके साथ ही अपनी कार्यकारिणी भंग कर स्वयं इस्तीफा देकर चुनाव कराने के लिए कमेटी के संरक्षक आसानंद जुनेजा, विरेंद्र सोनी और सूरज दुरेजा, पुरूषोत्तम शर्मा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया। दशहरा कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव अधिकारियों ने सभी सदस्यों से विचार-विमर्श करके सभी सदस्यों ने एक मत होकर रमेश माटा को फिर से प्रधान बनाने की घोषणा की। प्रधान रमेश माटा को दशहरा कमेटी की ओर से पगड़ी पहनाई गई।
16 अप्रैल 2022 को हनुमान जयंती मनाएगी कमेटी
माटा ने कहा कि दशहरा कमेटी 16 अप्रैल 2022 को शहर की सभी संस्थाओं को साथ लेकर हनुमान जयंती भी धूमधाम से मनाएगी। जिन परिवार के मुखिया की कोरोना से मौत हो गई और उन परिवारों को किसी भी प्रकार की आर्थिक व अन्य सहायता दशहरा कमेटी की ओर से देने की घोषणा की।
युवाओं को संगठन में शामिल करने की रूपरेखा तैयार
प्रधान रमेश माटा ने कहा कि दशहरा कमेटी में युवाओं को भी शामिल करेंगे। रमन पाहवा व गजेंद्र सलूजा को युवाओं को संगठन में शामिल करने के लिए रूपरेखा तैयार करेंगे। इससे पूर्व लीला कृष्ण भाटिया ने एक गीत ‘एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा है दोस्तों’ गाकर सभी की तालियां बटोरी।