माल खरीदने के बाद संजय चौक पर पार्किंग में शाम छह बजे ऑटो में माल लोड करा रहे थे। पत्नी और बच्चे साथ ही खड़े थे। इसी बीच पार्किंग में खड़ी एक वैन पीछे से आई। जिसमें पीछे बैठे युवक ने पत्नी सिंधो के गले पर झपट्टा मारा। मंगलसूत्र नहीं टूटा तो पत्नी झटका लगने से असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। आरोपी ने भागने के चक्कर में वैन पत्नी के ऊपर चढ़ा दी।
10 मीटर तक महिला को मंगलसूत्र समेत घसीटते ले गए स्नैचर्स
पति राजपाल ने बताया कि स्नैचर्स ने मंगलसूत्र और हार पर झपट्टा मारा लेकिन वे नहीं टूटे। जिसके चलते 10 मीटर तक पत्नी को हार और मंगलसूत्र के साथ घसीटते ले गए। इस दौरान पार्किंग में मौजूद एक युवक ने वैन को रोकने का प्रयास किया लेकिन स्नैचर्स ने वैन की गति बढ़ा दी।
कुछ दूरी पर भीड़ ने वैन चालक को पकड़ा
व्यापारी संजीव ने बताया कि वह भी पानीपत कपड़ा खरीदने के लिए आया था। आरोपी महिला सिंधो के ऊपर वैन चढ़ाने के बाद तेज रफ्तार में संजय चौक की तरफ भागने लगे। कुछ दूसरी पर उन्होंने बाइक सवार मामी और भांजे को टक्कर मार दी। इस दौरान मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिन्होंने वैन समेत स्नैचर्स को पकड़ लिया।
लोगों ने उनकी धुनाई कर दी और फिर पुलिस कंट्रोल को कॉल कर वारदात की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर स्नैचर्स को उनके हवाले कर दिया गया। आठ मरला कॉलोनी निवासी भांजे ने बताया कि वह अपनी मामी को छोड़ने के लिए संजय चौक पर आया था, तभी यूटर्न लेने के दौरान वैन चालक ने टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें- हरियाणा : नवविवाहित प्रेमी जोड़े का अपहरण, हत्या की नीयत से दुल्हन के घरवालों ने की थी वारदात
पति ने दूसरे ही दिन बदल दिए बयान, एफआईआर में भी स्नैचिंग का जिक्र नहीं
पति राजपाल ने सोमवार रात सामान्य अस्पताल में बयान दिया था कि पत्नी की स्नैचिंग के दौरान वैन का पहिया चढ़ने से मौत हुई है लेकिन मंगलवार को उसने बयान बदल दिया। इतना ही नहीं पुलिस की ओर से दर्ज रिपोर्ट में भी स्नैचिंग का जिक्र नहीं है।
पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में राजपाल ने बताया कि 12 अप्रैल को वह अपनी पत्नी सिंधो और दो बेटों के साथ पानीपत पचरंगा बाजार में सामान लेने आया था। माल लेकर वह फ्लाईओवर के नीचे इलाहाबाद बैंक के सामने कंबल और अन्य सामान लोड कर रहा था। इसी बीच वैन चालक ने पत्नी को टक्कर मार दी और कुछ दूर पर बाइक सवार महिला-पुरुष को भी टक्कर मारी। वह पत्नी को सामान्य अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पति की ओर से दो युवकों के खिलाफ शिकायत दी गई। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। - दीपक कुमार, शहर थाना प्रभारी।