गांव डाहर में जिला परिषद का चुनाव लड़ने पर दबंगों ने वीडियो कॉल कर जान से मारने की धमकी दी है। मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब जिला परिषद के उम्मीदवार ने उनके खिलाफ शिकायत दी तो दबंगों ने उसके भाई व दोस्तों पर जान लेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उसके भाई को गोली मारने की भी कोशिश की। उनको बदमाशों से जान का खतरा बना हुआ है। अब इसराना थाना पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डाहर गांव के जोगिंद्र नंबरदार ने बताया कि वह आगामी जिला परिषद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। गांव के ही मोनू, राजेंद्र, अंकित आदि लोग चाहते हैं कि वह चुनाव न लड़े। इसके लिए आरोपियों ने 14 नवंबर की रात सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो कॉल करके हथियारों के साथ जान से मारने की धमकी दी। उसके भाई रविंद्र को भी फोन करके जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में उन्होंने अगले ही दिन इसराना थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद दबंगों के हौसले और बुलंद हो गए। शुक्रवार को उसका सगा भाई रविंद्र और चचेरा भाई रमन कार से घर आ रहे थे। रास्ते में राजेंद्र उर्फ राजा ने कैंटर अड़ाकर उनकी कार रोक ली। रविंद्र के कार से नीचे उतरते ही 8-10 युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। आरोपी रमन के पीछे हथियार लेकर दौड़ा। मोहित ने रविंद्र को चाकू मारकर घायल कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें बचाया। इसके बाद घायल सिविल अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि दबंग युवक वहां भी हथियार लेकर पहुंच गए और धमकी दी। पीड़ितों ने आरोपियों के अवैध हथियारों के साथ फोटो, धमकी की ऑडियो व वीडियो के साथ इसराना थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मोनू, राजेंद्र, निर्मल, अंकित, रोहित और चीना के खिलाफ 6 धाराओं में केस दर्ज किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।