मॉडल टाउन थाना क्षेत्र निवासी साली के साथ उसके जीजा ने पांच साल में तीन बार दुष्कर्म किया। उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा, परिवार की बदनामी के डर से वह चुप रही। लेकिन तीसरी बार दुष्कर्म करने पर साली ने जीजा को सजा दिलाने की ठान ली। साली का आरोप है कि बीती 26 अक्तूबर को जीजा ने शराब के नशे में धुत होकर उससे तीसरी बार दुष्कर्म किया। जिस पर 27 अक्तूबर को जीजा के खिलाफ आठ मरला चौकी पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई थी। इतना नहीं पुलिस ने पूछताछ के लिए सोमवार को आरोपी जीजा और पीड़ित साली को थाने बुलाया। जहां से निकलने के बाद साली के साथ जीजा की बहनों ने उसके साथ मारपीट की और नाखुनों से मुंह नोच लिया। उसकी बहन और मां के साथ भी मारपीट की गई। महिला पुलिस ने पीड़िता को छुड़ाया और ननद नीरज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पीड़ित महिला की जुबानी
मॉडल टाउन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि वह तीन बहन और एक भाई हैं। करीब 13 साल पहले अंबाला निवासी एक युवक से शादी हुई थी, वहीं उसकी छोटी बहन की आठ साल पहले सोनीपत निवासी रविंद्र के साथ शादी हुई। पांच साल पहले जीजा रविंद्र उसे बहन से मिलाने की बात कहकर होटल में ले गया और दुष्कर्म कर वीडियो बना ली। सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर चुप करा दिया।
पत्नी पर डाला साली से संबंध बनाने का दबाव, विरोध करने पर पत्नी को छोड़ा
पीड़िता ने बताया कि पति की अप्रैल 2020 में मौत हो गई थी, जिसके बाद वह मायके में आकर रहने लगी। जीजा ने उसकी बहन (रविंद्र की पत्नी) भी दबाव डाला कि पीड़िता (साली) के साथ संबंध बनाएगा। बहन को उसका वीडियो भी दिखाया। विरोध करने पर उसके जीजा ने बहन को ही घर से निकाल दिया।
परिवार ने करा दिया चुप, पुलिस पर जीजा को गिरफ्तार न करने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि जीजा चार जुलाई 2020 को अपनी ससुराल आया। उस समय घर पर उसकी भाभी, बहन और वह थी। वह ऊपर कमरे में थी। जीजा ने नीचे मौजूद भाभी और बहन के कमरे की बाहर से कुंडी बंद कर दी। जिसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दूसरी बार दुष्कर्म किया। वह शिकायत देने के लिए तैयार हुई, लेकिन बदनामी और छोटी बहन का घर टूटने की बात कहकर परिजनों ने रोक लिया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बावजूद जीजा को गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि वह सोमवार को थाने में भी आया था। पुलिस ने मारपीट करने पर सिर्फ उसकी बहन को ही गिरफ्तार किया।
पुलिस पर लगाए गए सभी आरोपी बेबुनियाद हैं। महिला पर हमला करने वाली ननद नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
-सुनील कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी