सिविल अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत दिसंबर 2019 में हुई पीपीएम कोआर्डिनेटर, एएनएम और जीएनएम की भर्ती सवालों के घेरे में आ गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों पर योग्य अभ्यर्थियों को नजर अंदाज कर अपने नजदीकियों को नौकरी देने के आरोप है। मामले में शिकायत के बाद सरकार की ओर से रिपोर्ट तलब की गई है।
हाथवाला गांव निवासी रीना पत्नी रणवीर सिंह ने फरवरी 2020 में सिविल सर्जन कार्यालय, डीसी कार्यालय, सीएम विंडो, स्वास्थ्य मंत्री, एनएचएम के हरियाणा निदेशक और गृहमंत्री को इस संबंध में शिकायत भेजी थी। उसमें बताया गया कि नवंबर 2019 में अनेक पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसमें उसने पीपीएम कोऑर्डिनेटर पद के लिए आवेदन किया था। लिखित, कंप्यूटर टेस्ट और साक्षात्कार अच्छा होने पर भी फाइनल सूची में नाम नहीं आया। उनकी जगह ऐसे युवक को ज्वाइन कराया गया जो पहले ही टीवी विभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर था। वह करनाल का निवासी है, जिसने फर्जी तरीके से पानीपत के सुखदेव नगर पते के कागजात बनवाकर जमा करवाए हैं। मतदाता पहचान पत्र भी करनाल का है। भर्ती पर सवाल उठाते हुए एक अन्य युवक ने भी हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसके बाद अब सरकार ने एनएचएम निदेशक और डीजी हेल्थ से दो सप्ताह में पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। स्थानीय स्तर पर उपायुक्त ने इसकी जांच नगराधीश को सौंप दी है।
हाईकोर्ट की ओर से भी नोटिस जारी
एएनएम और जीएनएम भर्ती में घोटाले की शिकायत को लेकर एक युवक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। वह मंजूर हो गई है। इसमें सिविल सर्जन, डीजी हेल्थ, एनएचएम निदेशक आदि को पार्टी बनाया गया है। इस संबंध में कोर्ट की ओर से नोटिस भी जारी हुआ है।
जिस वक्त भर्ती हुई उस वक्त मैं नहीं था सिविल सर्जन : डॉ. संतलाल
सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने बताया कि यह उनके समय का मामला नहीं है। वह उस वक्त यहां सिविल सर्जन नहीं थे। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि भर्ती में पूरी पारदर्शिता बरती गई है।