बबैल गांव में दो सितंबर की रात आठ बजे लड़की पक्ष से दो दर्जन से अधिक परिजनों ने मिलकर लड़के पक्ष पर गंडासी से हमला कर दिया। हमले में लड़के पक्ष के परिवार से महिला समेत छह घायल हैं। सभी घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। जिनको कोरोना के चलते वापस भेज दिया। लड़की पक्ष के परिजनों का आरोप है, उनके युवक ने नाबालिग को बहला फुसला कर सोनीपत निवासी युवक के साथ भगाने में साथ दिया। वहीं लड़का पक्ष का आरोप है कि सब आरोप बेबुनियाद हैं। लड़की अपनी मर्जी से गई है। सेक्टर 13-17 पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बबैल गांव निवासी कर्मबीर ने बताया कि गत 18 जून को बबैल गांव की एक नाबालिग ने सोनीपत के गांव ककरोई निवासी युवक से शादी की थी। हाईकोर्ट में नाबालिग ने बयान दिए थे। उसे अपने परिवार से खतरा है। उसने कोर्ट में सुरक्षा के लिए याचिका डाली हुई है। जबकि नाबालिग के पिता ने उसके बेटे, भतीजे के खिलाफ अपहरण करने की शिकायत दर्ज कराई थी। नाबालिग का पिता उनसे इसी वजह से रंजिश रखे हुए था। गत दो सितंबर की रात आठ बजे नाबालिग का पिता समेत दो दर्जन लोग लाठी, डंडे, गंडासी आदि हथियार लेकर आए और जबरदस्ती घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की।
सिर में गंडासी मारी, बचाने आई पत्नी को डंडो से पीटा : कर्मबीर
शिकायतकर्ता कर्मबीर ने बताया कि आरोपियों ने घर में घुसकर उसके सिर में गंडासी मार दी। उसने बचाव के लिए आवाज लगाई तो उसकी पत्नी कांता, उसका लड़का हरविंदर, अंकित, भतीजा अजय और तेजेंद्र आए, जिनपर भी आरोपियों ने लाठी डंडो से हमला कर घायल कर दिया। मौके पर आस पड़ोस के सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग गए।
नाबालिग के पिता ने अपहरण का केस दर्ज कराया तो हो गया था शक, लगाए दिए थे कैमरे
कर्मबीर के बेटे हरविंद्र ने बताया कि जब नाबालिग के पिता ने भाई पर अपहरण का केस दर्ज कराया तो उन्हें शक हो गया था कि कोई बड़ी घटना घट सकती है। झगडे़ के डर से उन्होंने अगले दिन सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। देर रात हुई मारपीट सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है।
पढ़िए नाबालिग के पिता द्वारा कराई गई अपहरण की रिपोर्ट
पिता ने बताया कि वह एक मिल में सुपरवाइजर हैं और पत्नी एक अस्पताल में नर्स का काम करती है। उसके नाबालिग बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। वह पति-पत्नी दोनों काम पर जाते थे। गत 18 जून को वे वापिस काम से लौटे थे, बेटी नहीं मिली। पूछताछ में पता चला कि साहिल पुत्र इकबाल चाकू की नोक पर लड़की को अपहरण कर ले गया। जिसका साथ उनके ही बबैल गांव के अंकुश व राजू ने दिया। आरोप है घर से 50 हजार व ढाई लाख कीमत के जेवरात लापता है। पुलिस ने साहिल, अंकुश व राजू पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
परिजनों की शिकायत पर नरेश, रविंद्र, सुनील, विकास, दिनेश, साहिल, भीमा, कुलदीप, हरदीप, अमित, सतीश, रवि, सुमन, नरेन्द्र (गल्लु), प्रियंका, कांता, कविता, वंदना, सुमन, रामपति के खिलाफ 148, 149, 323, 324 और 506 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
-कमलजीत, इंस्पेक्टर, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी।