सनौली। पौष अमावस्या पर सनौली हरियाणा-यूपी यमुना नदी पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा की डुबकी लगाई। यमुना के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने यमुना में आस्था की डुबकी लगाते हुए सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
यमुना नदी तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जहां श्रद्धालुओं ने यमुना के दोनों ओर किनारे विशेष पूजा-अर्चना की और यमुना नदी में स्नान किया। साथ ही श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं सुरक्षा के दृष्टिगत सनौली थाना पुलिस बल और यमुना सुधार समिति अध्यक्ष रत्तन सिंह रावल और समिति के सदस्यों व निजी पुलिस व गोताखोरों ने नाव में यमुना में घूमकर निगरानी की साथ ही श्रद्धालुओं से किनारे पर ही स्नान करने की अपील की गई।