पानीपत। पंचायत चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को लघु सचिवालय में पुलिस वेरिफिकेशन के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था फैल गई। भीड़ ऐसी बढ़ी कि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची। इस दौरान लोगों ने पुलिस पर वेरिफिकेशन का काम धीमी गति से करने का आरोप भी लगाया।
पंचायत चुनाव के लिए दावा ठोकने के लिए प्रत्याशी लघु सचिवालय की तीसरी मंजिल पर बने वेरिफिकेशन ब्रांच में पहुंच गए। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी थे, जिससे अत्यधिक भीड़ हो गई। सुबह नौ बजे से प्रत्याशी वेरिफिकेशन के लिए पहुंचने लगे थे, जहां उन्हें दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों का तो नंबर ही नहीं आया, जिससे लोगों का पारा चढ़ता गया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस वेरिफिकेशन के लिए लोग परेशान हो रहे हैं और पुलिसकर्मी काम करने के बजाय बैठे हुए हैं।
उधर, इस मामले में एसआईएस प्रमोद कुमार का कहना है कि वह दिनभर वेरिफिकेशन ब्रांच में ही उपस्थित थे। शनिवार को वेरिफिकेशन कराने वाले लोगों की संख्या ज्यादा थी। जिस वजह से पुलिस ने ऑनलाइन के साथ ही मैनुअल वेरिफिकेशन भी शुरू किया, ताकि प्रत्याशियों को दिक्कत न आए और काम जल्दी हो।