हरियाणा के पानीपत में आर्य गर्ल्स स्कूल में चल रही सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में छात्र की जगह दूसरा बच्चा परीक्षा देते पकड़ा गया। जांच के दौरान रोल नंबर और हाजिरी सीट पर हस्ताक्षर अलग-अलग मिले। जिसके बाद युवक से पूछताछ हुई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। स्कूल प्रिंसिपल ने आरोपी युवक को शहर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। जिस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आर्य गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल मीनाक्षी अरोड़ा ने बताया कि 27 फरवरी को सुबह सीबीएसई की दसवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की वार्षिक परीक्षा थी। आर्य गर्ल्स स्कूल केंद्र पर अलग-अलग स्कूलों से बच्चे परीक्षा देने आए थे। एमएएसडी स्कूल के विद्यार्थी भी परीक्षा देने आए थे। परीक्षा शुरू होने के बाद चेकिंग की तो एक छात्र के स्थान पर दूसरा पेपर देते मिला।
उन्होंने जांच की तो एडमिट कार्ड और हाजिरी सीट चेक करने पर उसमें हस्ताक्षर का मिलान नहीं हुआ। दोबारा हस्ताक्षर कराए तो दोबारा भी मिलान नहीं हुआ। उन्होंने एडमिट कार्ड और हाजिरी सीट पर लगे फोटो चेक किया तो उनमें भी अंतर मिला।
फर्जीवाड़ा मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पुलिस को सुपुर्द किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक बीए का छात्र है। वह दोनों आपस में दोस्त हैं, अपने दोस्त के कहने पर वह परीक्षा दे रहा था।
आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419 और 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
- इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन, शहर थाना प्रभारी