थाना शहर में बेटे को छुड़ाने के लिए आई एक महिला को लघु सचिवालय के पीछे ले जाकर गाड़ी में ही उसके साथ दुराचार कर दिया। आरोपी थाने में ही था और महिला को पीली बत्ती लगी गाड़ी में बैठाकर ले गया था। आरोपी ने महिला को उसका लड़का छुड़वाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी को कोई पुलिसकर्मी ही माना जा रहा है। थाना शहर के अंतर्गत एक महिला के साथ दुराचार के सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद सबकी सांसे फूली हुई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना चांदनी बाग क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय महिला ने पुलिस को अपनी शिकायत दी है। उसने बताया कि उसका लड़का ऑटो चालक है। 10 नवंबर को सिटी थाना पुलिस ने उसके लड़के को पकड़ लिया था। पुलिसकर्मियों द्वारा उसके लड़के की ऑटो थाने में खड़ी करवा ली थी और पुलिस ने उसके लड़के को हवालात में बंद कर दिया। वह अपने लड़के को छुड़वाने के लिए सिटी थाना में गई थी। उसी रात करीबन साढ़े सात बजे एक पीली बत्ती की गाड़ी आई। गाड़ी में सवार व्यक्ति ने कहा कि उसका लड़का कोर्ट में है। वह उसके लड़के को छुड़वा देगा।
उसने उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा। आरोपी अज्ञात व्यक्ति उसे गाड़ी में कोर्ट के पीछे ले गया। जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। इस बारे में उसने पुलिस के अधिकारियों से भी गुहार लगाई, लेकिन पुलिस के अधिकारियों ने उसकी एक भी न सुनी। वह अपने बेटे को छुड़वाने के लिए पुलिस थाने के चक्कर काटती रही। लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी। महिला थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और महिला को मेडिकल परीक्षण कराने के लिए सिविल अस्पताल में ले आई। बताया जा रहा है कि महिला ने अपना मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। पुलिस समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई कर रही थी।
वर्जन
महिला थाना पुलिस को एक महिला की दुराचार करने की शिकायत मिली है। महिला का आरोप है कि वह अपने लड़के को छुड़ाने आई थी और यहां पर एक व्यक्ति उसको पीली बत्ती लगी गाड़ी में बैठाकर लघु सचिवालय के पीछे ले गया और उसके साथ गाड़ी में ही दुराचार कर दिया। महिला को सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां पर महिला ने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की अपने स्तर पर जांच कर रही है।
कविता, प्रभारी, महिला थाना पानीपत।