हरियाणा के पानीपत के डाहर चौक पर बोलेरो और स्कॉर्पियों की टक्कर हो गई। इसी रंजिश में स्कॉर्पियो सवार छह युवकों ने खुद को सीआईए स्टाफ कर्मी बताकर बोलेरो सवार दो युवकों के साथ मारपीट की। दोनों युवक वहां से बचकर बिंझौल मोड़ पहुंचे तो वे वहां भी आ गए और दोनों को अपनी गाड़ी में अपहरण कर सेक्टर 25 मॉल के पीछे ले गए। वहां उन्हें बेल्ट व डंडों से जमकर पीटा।
हाथ-पैर पकड़ने पर उन्हें छोड़ा। उन्होंने पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़ितों ने सामान्य अस्पताल में अपना इलाज कराया और मामले की शिकायत आठ मरला चौकी पुलिस को दी।
महराणा गांव निवासी सुमित ने बताया कि उसकी गांव में वीटा डेयरी है। 18 अप्रैल को डाहर गांव निवासी दोस्त विजय के साथ वह गोहाना रोड होते हुए डाहर की तरफ जा रहा था। वे बोलेरो गाड़ी में सवार थे। डाहर चौक पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो आई। उससे उनकी बोलेरो की टक्कर हो गई।
स्कॉर्पियो से छह युवक नीचे उतरे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह उनसे किसी तरह अपना बचाव कर निकल गए और गाड़ी ठीक कराने के लिए बिंझौल मोड़ पर आ गए। आरोपी उनका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और उन पर हमला कर अपनी गाड़ी में डालकर ले गए। उन्हें बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद वह पीटते-पीटते उन्हें सेक्टर 25 स्थित मित्तल मेगा मॉल के पीछे ले आए और वहां पर लाकर भी मारपीट की।
दोस्त को अगले माह जाना है कनाडा
सुमित ने बताया कि दोस्त विजय का वीजा लगा है। उसे अगले माह कनाडा जाना है, लेकिन मारपीट की वजह से उसकी हालत गंभीर बन गई है।
शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी धरपकड़ में टीम जुट गई है।
-महिपाल सिंह, प्रभारी, मॉडल टाउन थाना