पानीपत के तहसील कैंप क्षेत्र में 12 वर्ष की बच्ची के साथ उसकी सौतेली मां और भाई द्वारा की गई गंभीर मारपीट व प्रताड़ना के मामला सामने आया है। आरोप है कि सौतेले भाई से मां ने दुष्कर्म कराया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने वीडियो संदेश जारी कर इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
यह है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पानीपत में एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ उसकी सौतेली मां और सौतेले भाई द्वारा अमानवीय व्यवहार और गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। सामाजिक संगठनों व बाल कल्याण समितियों ने इस पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि पानीपत में 12 साल की छोटी बच्ची के साथ उसकी सौतेली मां और उसके बेटे द्वारा जो बर्बरता और मारपीट की गई है, वह अत्यंत दुखद और निंदनीय है। इस मामले में पुलिस प्रशासन को तुरंत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग पीड़ित बच्ची के साथ खड़ा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश
महिला आयोग ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पीड़ित बच्ची की सुरक्षा, मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए बाल संरक्षण टीम को तैनात करने के निर्देश जारी किए गए हैं।