पानीपत। चंदौली गांव में सोमवार रात पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक मकान के दरवाजे पर कई गोलियां लगी। गोली चलने के बाद ग्रामीणों में काफी दहशत बन गई। प्राथमिक जांच में गोली पुलिस की बंदूक से निकली बताई जा रही है। वहीं सदर थाना पुलिस ने सात-आठ अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया है।
सोमवार देर रात चंदौली गांव में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने तस्करों को रोकना चाहा तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। फायरिंग के चलते चंदौली गांव के लोग डर गए। इसी बीच ग्रामीण जितेंद्र के मकान के प्रथम तल पर बने कमरे के दरवाजे में भी गोली जाकर लग गई। मंगलवार सुबह एकजुट हुए ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। उधर, सदर थाना एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यूं बताया घटनाक्रम
चंदौली गांव निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उसका मकान गांव के अड्डे के पास है। सोमवार रात करीब एक बजे उसने गोलियां चलने की आवाज सुनी। वह गोलियों की आवाज सुनकर मकान से बाहर आया। अड्डे के समीप एक पीसीआर और स्कॉर्पियो खड़ी थी।
पुलिस और स्कार्पियो चालक उसे देखकर चले गए। सुबह उठकर देखने पर उसके घर के दरवाजे पर गोली लगी थी। दरवाजों की जालियां भी टूटी हुई थी। एक दरवाजे में गोली फंसी थी।
मुठभेड़ हुई थी
पुलिस ने बताया कि गांव चंदौली में देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। तस्करों ने पुलिस की पीसीआर पर गोलियां भी चलाई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर भाग गए। लोगों के घर में गोली किसकी लगी। यह जांच के बाद ही पता लगेगा। एफएसएल टीम ने गोली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कहानी ग्रामीणों को नहीं हो रही हजम
थाना सदर की ओर से गोतस्करों और पुलिस के बीच बताई गई मुठभेड़ की कहानी ग्रामीणों को हजम नहीं हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गोली मुठभेड़ में चली तो ग्रामीणों को देखकर स्कॉर्पियो चालक और पुलिस वहां से क्यों भागे। ग्रामीण स्कॉर्पियो चालक के बारे में भी पुलिस से पूछ रहे हैं।
मकान के ऊपरी हिस्से पर गोली लगी है। ग्रामीणों का तर्क है कि मुठभेड़ में मकान के ऊपरी हिस्से पर ऐसी जगह गोली लगना नामुमकिन है। यह किसी कि सोची समझी साजिश के तहत गोली चलाई गई है।
वर्जन
चंदौली गांव में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान गोली भटक कर मकान के दरवाजे में लग गई होगी। वे इसकी सूचना मिलते ही गांव में पहुंचे। गोली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गोली पुलिस की गन से चली या तस्करों की गन से अभी इस बारे में कुछ भी कहना सही नहीं होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बिजेंद्र त्यागी, एसएचओ, थाना सदर पानीपत