फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शेयर ब्रोकर से परेशान युवक ने जहरीला पदार्थ निगला, गंभीर

Wed, 07 Sep 2016 11:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत।
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के राजनगर निवासी एक युवक ने शेयर ब्रोकर से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे गंभीर हालात में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने सुसाइड नोट में शेयर ब्रोकर पर पैसों के मामले में धोखा करने का आरोप लगाया है। आठ मरला चौकी पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन

राजनगर निवासी करीब 25 वर्षीय बलराम ने घर पर जहरीला पदार्थ निगलकर जान देने की कोशिश की। परिजनों ने उसको गोहाना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। आठ मरला चौकी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। युवक ने सुसाइड नोट में मॉडल टाउन निवासी एक  शेयर ब्रोकर दिलावर पर तंग करने के आरोप लगाए। उसने बताया कि वह मूल से झज्जर का रहने वाला है। वह एक साल पहले 15 हजार रुपये प्रति महीना वेतन पर उसके पास काम पर लगा था। दिलावर ने बताया कि उसका काम लोगों को शेयर मार्केट से जोड़ना है। बाकी सारी जिम्मेदारी कार्यालय की होगी।
उसने पूरी ईमानदारी से काम किया, लेकिन आरोपी ने उसे वेतन नहीं दिया। वह जब भी आरोपी से वेतन मांगता, तो वह एक-दो दिन में पैसे देने की बात कहकर टाल देता। कभी एक हजार तो कभी दो हजार रुपये दे देता। उसने करीब एक साल के दौरान लोगों के करीब 1.50 लाख रुपये कार्यालय में जमा करवाए। जब आरोपी ने अपना वादा नहीं निभाया तो पैसे देने वाले उसे तंग करने लगे। उसने लोगों को कार्यालय का पता बता दिया, लेकिन दिलावर ने सारा इल्जाम उस पर ही लगा दिया। साथ ही डेढ़ लाख रुपये मांगने लगा। लोग पैसों के लिए उसे धमकी देने लगे। बलराम ने बताया कि उसने किसी तरह से 93 हजार रुपये जमा करवा दिए, लेकिन शेष पैसे नहीं दे पाया। पांच सितंबर को देर शाम आरोपी अपने दो दोस्तों के साथ उसके घर आया और उसको जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने परिवार के सदस्यों से भी हाथापाई की। इस वजह से उसने सुसाइड नोट लिखकर जहरीला पदार्थ निगल लिया।
विज्ञापन

ये लिखा सुसाइड नोट में
दिलावर गुलिया तीन महीने से मुझे परेशान कर रहा है। झूठे इल्जामों में फंसाने की धमकी देता था। कल तो उसने हद ही कर दी। घर आकर गंदी-गंदी गालियां दीं। मुझे और मेरी मां को धक्का भी दिया। मुझे उसका कुछ भी नहीं देना। मुझसे फालतू के 93 हजार रुपये लिए। एक साल आधी तनख्वाह में जबरन काम करवाया, जबकि मुझे उसका कुछ भी नहीं देना। अब उसने सबके सामने बेइज्जती की, जान से मारने की धमकी दी। तीन-चार को लेकर घर के बाहर घूमता रहा मारने के लिए। इतनी बेइज्जती बर्दाश्त नहीं होती, मैं जान दे रहा हूं। वजह सिर्फ दिलावर गुलिया है। ....मां-पापा, मुझे माफ करना, मैं कुछ नहीं कर पाया किसी के लिए। दिलावर गुलिया को छोड़ना मत, उसे सबक मिलना जरूरी है।  

राजनगर में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। युवक को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उसके पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी दिलावर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन

रामरतन, प्रभारी, आठ मरला चौकी पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें