पुराना हमीदा के एक करियाणा दुकानदार से तीन युवकाें ने पांच हजार रुपये प्रति माह रंगदारी मांगी। वहीं धमका कर एक हजार रुपये ले गए। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर तीन युवकाें के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुराना हमीदा की आनंद कॉलोनी निवासी राहुल बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पुराना हमीदा में ही करियाणा की दुकान है। 25 नवंबर को वह अपने दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान खड्डा कॉलोनी निवासी प्रदीप, विक्रांत व एक अन्य युवक उसकी दुकान पर आए।
आरोपियों ने आते हुए उसे धमकाया। राहुल ने बताया कि तीनों आरोपियाें ने उसे धमकाते हुए कहा कि हम बदमाश हैं। अपनी जान की खैर चाहते हो तो पांच हजार रुपये प्रति माह हमें देते रहो। आरोप है कि बदमाशों ने उससे उस समय भी पांच हजार रुपये देने को कहा।
पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। वह घबरा गया। उसने दुकान में रखे एक हजार रुपये देते हुए उन्हें कहा कि उसके पास अभी इतने ही हैं। इसके बाद आरोपी उसे धमकाते हुए वहां से चले गए। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच की।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी युवकाें के खिलाफ रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया है।