हरियाणा के रोहतक के पानीपत जिले के खोजकीपुर कलां गांव में निर्माणाधीन मकान से पानी निकासी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। वहीं मृतक के बेटे और पत्नी पर भी चाकू से हमला किया गया है, जिसके बाद उन्हें जख्मी हालत में जीटी रोड स्थित एक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
मृतक उत्तराखंड रोडवेज के देहरादून डिपो में चालक था और दो दिन पहले ही घर आया था। बापौली थाना पुलिस ने आरोपी समेत उसकी मां व पत्नी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। झगड़ा शुक्रवार सायं करीब साढ़े पांच बजे हुआ।
खोजकीपुर कलां गांव निवासी विशाल ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है। उसके पिता सुरेश (50) उत्तराखंड रोडवेज के देहरादून डिपो में चालक थे। वे दो दिन पहले ही ड्यूटी से आए थे। उसका चाचा राजेंद्र उनके घर के साथ अपना नया मकान बना रहा है।
वह मकान के शौचालय व रसोई के पानी की निकासी का पाइप उनके मकान की तरफ निकाल रहा था। उसके पिता ने शुक्रवार पाइप दूसरी तरफ डालने की बात कही। इस बात पर राजेंद्र ने उसके पिता के सीने में चाकू घोंप दिया। इस दौरान वह और उसकी मां सुमन बचाने के लिए आए तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया।
आरोप लगाया कि हमले में आरोपी राजेंद्र के साथ उसकी पत्नी निशा और मां रामरती भी शामिल थी। जख्मी हालत में ग्रामीणों ने तीनों को जीटी रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। विशाल ने बताया कि वे तीन भाई बहन हैं। उससे बड़ी नेहा और छोटा भाई शुभम है। वह बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है।
वारदात की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
वारदात की सूचना मिलने पर बापौली थाना प्रभारी अतर सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
खोजकीपुर कलां गांव में सुरेश की हत्या की गई है। मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने राजेंद्र और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है।
- अतर सिंह, प्रभारी, थाना पुलिस बापौली।