पांच टाइपिस्टों के केबिनों के चटकाए ताले, एक में की चोरी
- फोटो : पानीपत
कोर्ट कांपलेक्स के पीछे स्थित टाइपिस्टों के पांच केबिनों के ताले चटकाए दिए। इनमें से चोर एक केबिन में चोरी करने में सफल हुए। चोर केबिन से एक सीपीयू चोरी कर ले गए। टाइपिस्टों के केबिन में पिछले कई माह में चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं। टाइपिस्टों ने इस पर रोष प्रकट किया है। वहीं पुलिस ने सूचना के आधार पर मौका मुआयाना किया।
मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट कांपलेक्स के पीछे टाइपिस्ट जोन में बुधवार रात को पांच टाइपिस्टों के केबिन में चोरी की नीयत से ताले तोड़ दिए। इनमें से एक टाइपिस्ट के केबिन से सीपीयू चोरी कर ले गए।
टाइपिस्टों को वीरवार सुबह इसकी जानकारी लगी। टाइपिस्टों ने चोरी की सूचना सेक्टर 6-7 चौकी पुलिस को दी और सुरक्षा मुहैया करने की मांग की। यहां पर मेहर सिंह सीट नंबर-एक, रामनिवास सीट नंबर-4, चांदराम सीट नंबर-5, दरिया सिंह सीट नंबर- 36 व अनिल कुमार नन्हेड़ा के केबिन के ताले टूटे मिले। अनिल निवासी नन्हेड़ा ने बताया कि उसके केबिन से सीपीयू चोरी मिला है। वहीं गांव छाजपुर निवासी विनोद और गांव बबैल निवासी जोगेंद्र अहलावत के केबिनों के ताले तोड़कर हजारों का कीमती सामान चोरी कर लिया था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन चोरों का आज तक कोई सुराग नहीं लगा है।
थाना शहर प्रभारी सुरेश सैनी ने बताया कि पुलिस को टाइपिस्टों के केबिन में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।