हरियाणा के पानीपत में डेरों पर तीन महिलाओं से सामूहिक दुराचार, एक महिला की हत्या और लूटपाट के सरगना राजीव उर्फ राजू ने पानीपत जेल में सलाखों पर सिर मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। आरोपी के सिर में चोट आई है। उसको सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वापस जेल भेज दिया गया।
इससे पहले आरोपी को गुरुवार को ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। विदित हो कि सामूहिक दुराचार के सरगना का यह आत्महत्या का दूसरा प्रयास है। उसके एक साथी ज्योति ने गिरफ्तारी के डर से पहले ही जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। जेल उप अधीक्षक की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जेल उपाधीक्षक गीता देवी ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि थाना मतलौडा के अंतर्गत एक गांव में सामूहिक दुराचार, लूटपाट व महिला की हत्या के मामले में आरोपी मुज्जफरनगर के गांव इरगवपुर निवासी राजीव उर्फ राजू वीरवार को जेल में आया था।
उसने शुक्रवार रात को बैरक में लोहे की ग्रिल में सिर मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसी दौरान उसको दूसरे बंदियों ने देख लिया और इसकी सूचना वहां तैनात वार्डन को दी। वार्डन उसको लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद आरोपी को फिर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही उसके आसपास चौकसी बढ़ा दी गई है।
गैंग का एक सदस्य पहले कर चुका है आत्महत्या
डेरों पर सामूहिक दुराचार और लूटपाट करने वाले गैंग के एक साथी ज्योति (27) ने आठ अक्टूबर को ही आत्महत्या कर ली थी। उसका शव उत्तर प्रदेश के हिलवाड़ी गांव के जंगल में मिला था। शव के पास खाली बोतल व एक सफेद चादर मिली थी। इससे एक दिन पहले गैंग के सरगना राजीव उर्फ राजू ने भी बड़का गांव में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, उसे मेरठ अस्पताल में दाखिल कराया गया था। पुलिस ने उसको स्वस्थ होने पर गिरफ्तार कर कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया था, जिसे वीरवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
यह है मामला
पानीपत के मतलौडा थाना पुलिस के अंतर्गत दो डेरों पर 20 सितंबर की रात को तीन महिलाओं से सामूहिक दुराचार, लूटपाट व एक महिला की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले की जांच और कार्रवाई के लिए एसपी अजीत सिंह शेखावत ने 21 टीमों का गठन किया था। सीआईए थ्री ने तीन अक्टूबर को पानीपत के दीवाना गांव के नजदीक लूटपाट व दरिंदगी में शामिल जयभगवान और नवीन व सोनू को गिरफ्तार किया था। इस वारदात का सरगना राजीव उर्फ राजू, नरेंद्र व ज्योति फरार चल रहे थे।
सीआईए ने तीनों के फोटो पूरे मुज्जफरनगर में चस्पा किए थे। पुलिस ने सात अक्टूबर को गांव मुज्जफरनगर के बड़का गांव में तीनों को पकड़ लिया था। इस दौरान आरोपी सरगना राजीव उर्फ राजू और ज्योति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जबकि ज्योति मौके से फरार हो गया था। उसका शव अगले दिन साथ लगते गांव के खेतों में मिला था। आरोपी नरेंद्र को भी सीआईए-3 टीम ने गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी राजीव उर्फ राजू के जेल में ग्रिल पर सिर मारने की सूचना मिली है। आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद वापस जेल में भेज दिया गया है। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने इसमें आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- अजीत सिंह शेखावत, एसपी पानीपत।