हरियाणा के पानीपत के नारा गांव के खेतों में नये साल पर शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी में दो दोस्तों ने तीसरे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों ने शव को हौद में डाल दिया और फरार हो गए। जब खेत में किसान आया तो उसने शव को हौद में पड़ा देखा और गांव में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण खेत में जुट गए।
मतलौडा थाना पुलिस व एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने यहां से साक्ष्य जुटाए। मतलौडा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयानों पर दोनों नामजदों पर केस दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
जोशी गांव निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि उसके चाचा राजीव उर्फ खुशीराम (47) पेशे से किसान था। वो एक जनवरी सुबह घर था। उसको गांव का ही काला व धर्मबीर बुलाने के लिए आए थे। दोनों ने उसे कहा कि एक काम चलना है। दोनों उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। तीनों ने नारा गांव के ठेके से शराब खरीदी और राममेहर किसान के खेत में बैठकर शराब पीने लगे।
तीनों में शराब पीते हुए कहासुनी हो गई। काला व धर्मबीर ने उसके चाचा राजीव की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को पानी की हौद में डालकर फरार हो गए। इस दौरान वो उसकी तलाश करते रहे लेकिन उनका भेद नहीं लग रहा था। फिर उन्हें नारा गांव के ग्रामीण का फोन आया और राजीव के शव की सूचना दी। उनकी पुलिस से मांग है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए।
आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे- एसएचओ
शव की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई थी। एफएसएल ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इन तीनों की खेत में कहासुनी हुई है। इसके बाद हत्या की गईहै। पुलिस मामले की विभिन्न पहलूओं पर जांच कर रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
-विजय कुमार, प्रभारी मतलौडा पुलिस थाना