नगर निगम के पूर्व मेयर एवं वार्ड-11 पार्षद भूपेंद्र सिंह के सेक्टर 25 पार्ट-टू स्थित मकान में घुसकर दिनदिहाड़े तीन हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट कर ली। बदमाश अपने साथ पिस्तौल, देसी कट्टा और छुरा लिए हुए थे। एक बदमाश ने पूर्व मेयर पर पिस्तौल तान ली थी। घर की मेड ने छत पर चढ़कर बचाने की आवाज लगाई। लोगों का आते देख बदमाश करीब 21 हजार रुपये की नकदी, दो मोबाइल और सोने की पांच अंगूठियां लूट कर भाप गए। सूचना पर डीएसपी हेडक्वार्टर जगदीप दूहन और थाना चांदनी बाग पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लगे। तीनों लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने लुटेरों का सुराग देने वालों को उचित इनाम देने का फैसला लिया है।
सेक्टर 25 पार्ट 2 में पूर्व मेयर और पार्षद भूपेंद्र सिंह का घर है। बुधवार दोपहर बाद करीब तीन बजे दो युवकों ने डोर बैल बजाई। दरवाजा खुलने पर पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह से मिलने की बात कही। भूपेंद्र सिंह उसी समय मतलौडा अनाज मंडी से घर पर पहुंचे थे। जब वह अंदर आए तो एक बदमाश कट्टा लिए अंदर घुस गया तथा कमरे की कुंडी लगा ली। दूसरे बदमाशों ने भी पिस्तौल और छुरा निकाल लिया। एक बदमाश ने भूपेंद्र सिंह पर पिस्तौल तानकर नकदी मांगी। उन्होंने जेब से रुपये निकाल कर बदमाशों को दे दिए। इस दौरान एक बदमाश ने नौकरानी पर कट्टा ताना और उसे छत वाले कमरे में पड़ी नकदी देने के लिए साथ चलने को कहा। ऊपर के कमरे में बदमाशों ने पूरी अलमारी खंगाल ली और वहां से करीब 20 हजार नकदी और सोने की पांच अंगूठियां निकाल लीं। इसी दौरान नौकरानी ने खिड़की के रास्ते दूसरी छत पर छलांग लगाकर शोर मचा दिया।
नौकरानी की इस हरकत से बदमाश घबरा गए हथियार लहराते हुए भाग गए। पुलिस थाने के निकट हुई इस वारदात से कॉलोनीवासी दहशत में हैं।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
पूर्व मेयर के घर हुई लूट की यह वारदात घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों का पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें तीन बदमाश मकान में दाखिल होते नजर आ रहे हैं।
नाबालिग बताई गई नौकरानी
बताया जा रहा है कि पूर्व मेयर के घर को लूटपाट से बचाने वाली नौकरानी नाबालिग है। अब पुलिस इस दिशा में भी काम कर रही है। नौकरानी ने बताया कि वह बदमाशों के हथियार देखकर घबरा गई थी। एक बदमाश ने उस पर भी पिस्तौल तानी थी और उसे ऊपर के कमरे में ले गए। उसने बदमाशों को अलमारी दिखा दी। बदमाश अलमारी को खंगाल रहे थे, इसी दौरान वह मौका देखकर खिड़की से दूसरी छत पर कूद गई।
पुलिस बोली, कोई भी दे सकता है सूचना
एसपी राहुल शर्मा ने पूर्व मेयर के घर लूटपाट करने वालों की पहचान बताने वालों को उचित इनाम देने का फैसला लिया है। तीनों बदमाशों के सीसीटीवी में चेहरे नजर आ रहे हैं। कोई भी व्यक्ति उनके, डीएसपी मुख्यालय, पुलिस कंट्रोल रूम या थाना चांदनी बाग पुलिस को फोन या खुद आकर उनकी जानकारी दे सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह के मकान पर लूटपाट के मामले में थाना चांदनी बाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में बदमाशों की पहचान बताने वालों को उचित इनाम दिया जाएगा। पुलिस की थाना व सीआईए की कई टीम जांच में लगी हुई हैं।
राहुल शर्मा, एसपी पानीपत।