आज के समय में किसी पर अंध विश्वास करना कितना नुकसानदेह हो सकता है, यह मनाना रोड निवासी मुकेश ने एक ही बार में सीख लिया। अब मुकेश को अपनी गलती का पछतावा हो रहा है, लेकिन उसके पास सिर्फ धीरज के और कुछ नहीं बचा।
हुआ यूं कि मनाना रोड निवासी किराए पर रहने वाला मुकेश रविवार शाम करीब पांच बजे बाइक से सामान लेने जा रहा था।
काठ मंडी गेट के समीप चलती बाइक बंद हो गई। काफी प्रयास के बाद भी बाइक स्टार्ट नहीं हुई। समझ नहीं आ रहा था कि नई बाइक में क्या खराबी आई। तभी समीप आए एक युवक ने मुकेश से बाइक स्टार्ट करने में मदद करने के लिए कहा। आखिर परेशान मुकेश ने उस अज्ञात युवक को बाइक थमा दी।
कुछ देर प्रयास के बाद बाइक स्टार्ट हो गई। मुकेश की भी जान में जान आई। फिर युवक ने कहा कि वह एक बार इसे चलाकर देखता है कहीं फिर बंद ना हो जाए। ऐसा कहकर वह बाइक लेकर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब वह युवक नहीं लौटा तो मुकेश को अपने लुट जाने का अहसास हुआ। काफी तलाश के बाद भी उस अज्ञात युवक का काई सुराग नहीं लगा। आखिर में मुकेश ने पुलिस में शिकायत दी। मुकेश ने बताया कि उसने दो माह पहले ही बाइक खरीदी थी।