सनौली रोड काशीगिरी मंदिर के सामने मंगलवार देर रात सड़क पार कर रहे 13 साल के बच्चे को ऑटो ने टक्कर मारी दी। ऑटो बच्चे को करीब बीस फुट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई।
जबकि उसके दो बाल-बाल बच गए। बच्चा काशीगिरी मंदिर से अपने भाई और दोस्त के साथ पानी लेकर सड़क पार कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
सनौली रोड के नजदीक काशीगिरी मंदिर निवासी पीयूष (13) क्षेत्र के निजी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता प्रदीप ने बताया कि मंगलवार देर शाम पीयूष अपने छोटे भाई राहुल और दोस्त देव के साथ काशीगिरी मंदिर से पानी लेने गया था।
वहां पानी लेने के बाद सभी सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान संजय चौक से सनौली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ऑटो ने पीयूष को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ऑटो को भगाने लगा। इस दौरान पीयूष ऑटो के साथ 20 फुट तक घिसटता चला गया।
हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंचे परिजन घायल बच्चे को शहर के दो अस्पतालों में ले गए, लेकिन डाक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर करनाल पहुंचे।
वहां देर रात बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
सनौली रोड पर रात को ऑटो की टक्कर लगने से एक बच्चे की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद ऑटो चालक फरार हो गया था। ऑटो को कब्जे में ले लिया है। उसके चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जसपाल ढिल्लो, प्रभारी, थाना चांदनी बाग पानीपत।