कोर्ट परिसर की पार्किंग में खड़ी एक स्कॉर्पियो से पुलिस ने अवैध हथियार बरामद किए हैं। कोर्ट परिसर में हथियार लेकर दाखिल होने के आरोप में थाना शहर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी हत्या के मामले में गिरफ्तार अपने दोस्त के साथ उसकी पेशी पर पानीपत आए थे। गिरफ्तार आरोपियों में दो रोहतक और दो सोनीपत के हैं। थाना शहर पुलिस को सूचना मिली थी कि पानीपत में कोर्ट परिसर की पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो में कुछ लोग अवैध हथियार लिए हुए हैं।
पुलिस कोर्ट परिसर पहुंची और स्कॉर्पिया के पास खड़े चार आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो डोगा बंदूक, एक राइफल, 20 कारतूस 12 बोर और 15 कारतूस 315 बोर के बरामद किए।
पुलिस ने अवैध हथियार समेत गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव रिठाल, रोहतक निवासी राजेश, सोमबीर, गांव फरमाना, सोनीपत निवासी सुरेंद्र और गोहाना, सोनीपत निवासी मोहित के रूप में की है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को रोहतक के गांव रिठाल निवासी सुरेंद्र की हत्या के मामले में कोर्ट में पेशी थी। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सभी सुरेंद्र के दोस्त हैं और उसके साथ पेशी पर आए थे।
पुलिस ने अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सेक्टर छह चौकी पुलिस से जांच अधिकारी एएआई नरेश कुमार ने बताया कि कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बुधवार को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।