तस्कर मतलौडा से कुछ दूरी पर लगते गांव भादौड़ में गाय चोरी की नीयत से घुस गए। गाय पिकअप में लोड करते वक्त एक ग्रामीण ने तस्करों को टोका तो उस पर गोली चला दी। ग्रामीण अपनी जान बचाने को नीचे झुका तो गोली मकान के लेंटर में जा धंसी। हंगामा बढ़ने पर तस्कर दो गोवंश को पिकअप में लोड कर फरार हो गए।
तस्करों की संख्या आठ से दस बताई जा रही है। वहीं, पुलिस सूचना मिलने के बाद एक बार फिर तस्करों को दबोचने में चूक गई। थाना इसराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए तस्कर व जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने मामले का जल्द ही खुलासा करने का दावा किया है।
मामला थाना सदर के अंतर्गत शनिवार अल सुबह करीब पौने चार बजे का है। गांव भादौड़ में शनिवार तड़के करीब पौने चार बजे 8-10 लोग बेसहारा गायों को उठाकर गाड़ी में लोड कर रहे थे। ग्रामीण चरण सिंह दैनिक कार्य निपटाने के लिए उठा और गली में आवाज सुनकर बाहर आया। उसने उक्त लोगों को आवाज लगाई तो उनमें से एक बोला मार गोली। इतनी ही देर में दूसरे युवक ने उस पर गोली चला दी।
वह गोली से बचने को झुका तो गोली सीधे मकान के लेंटर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। इसी बीच तस्कर दो गोवंश को पिकअप में लोड करने में सफल हो गए और पिकअप लेकर फरार हो गए।
गोली चलने से एक बार गांव में मची दहशत
भादौड़ गांव में अल सुबह गोली चलते ही दहशत मच गई। ग्रामीण घरों से बाहर तो निकल आए, लेकिन हथियारों से लैस तस्करों का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। ग्रामीणों की इसी ढील का फायदा उठाकर तस्कर दो गोवंश लेकर भागने में कामयाब हो गए।
पुलिस फिर चूक गई तस्करों को दबोचने में
भादौड़ गांव से अल सुबह गोवंश लेकर भागे तस्करों को पकड़ने में पुलिस एक बार फिर चूक गई। ग्रामीण चरण सिंह के अनुसार उसने गोली चलने के कुछ देर बाद पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दे दी। थाना इसराना पुलिस करीब पौने घंटे बाद पहुंची। वहीं, शहर व जिले में तैनात राइडर व पीसीआर भी तस्करों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी।