शहर के सेक्टर तीन में आठ माह पहले शादी करके आई काजल ने बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपना जीवन लील लिया है। काजल ने मरने से पहले अपने किचन में एक नैपकिन पर अंग्रेजी में आई एम नोट वेल, सॉरी लिखा हुआ सुसाइड नोट भी छोड़ा है। वहीं काजल के मायके पक्ष ने काजल को मानसिक रूप से परेशान करने व हत्या कर फंदे पर लटकाने के आरोप लगाए है।
काजल के परिजनों ने हरजीत व उसके माता-पिता के खिलाफ थाना सदर थानेसर में लिखित में शिकायत देते हुए आरोप लगाए हैं कि हरजीत की नौकरी लगने के बाद से ही हरजीत के परिजन दहेज की मांग करने लगे थे और शादी के बाद छोटी-छोटी बातों पर काजल को ताने देते थे। इससे काजल मानसिक तौर पर काफी परेशान रहने लगी थी और जब भी मायके आती तो बिना कुछ कह सिर्फ रोती रहती थी। मायके पक्ष ने आरोप लगाए हैं कि काजल की हत्या पूरी सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। वह इसलिए हरजीत के माता-पिता एक माह पहले ही देश छोड़ ऑस्ट्रेलिया चले गए थे।
मृतक के भाई इंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता ने काजल की शादी में अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था और एक आठ लाख रुपये की कार भी दी थी, परंतु हरजीत हर बार काजल को छोटी गाड़ी लाने का ताना देता था। वह हरजीत के संबंध किसी और लड़की के साथ भी थे व घर रात को देर से आता था। इसके चलते दोनों में कई बार लड़ाई झगड़े भी हुए हैं। भाई ने आरोप लगाया कि दूसरी लड़की के चलते हरजीत काजल को अपने रास्ते से हटाना चाहता था। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने दहेज व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि काजल को परेशान करने वाला घर में कोई होना तो चाहिए। काजल घर में अकेली रहती थी। क्योंकि उनके माता-पिता पिछले एक माह से ज्यादा समय से देश में ही नहीं है। वहीं हरजीत सुबह ड्यूटी पर जाता था और शाम को घर आता था। काजल अगर परेशान थी उन्होंने अपने माता-पिता व किसी अन्य को कभी कोई शिकायत क्यों नहीं की। साथ ही हरजीत की बहन याशमीन ने बताया कि काजल एक दिन पहले ही अपने मायके से घर लौटी थी। अगर परेशान होती तो यहां क्यों आती। वह सुबह ही मायके से ससुराल आई थी। दोपहर को पति ने उसका शव कमरे में लटका देखा। इसके बाद सूचना देकर पुलिस बुलाई गई।
तीन दिन पहले हरजीत ने काजल का बनाया था जन्मदिन
हरजीत की बहन ने बताया कि मायके पक्ष के लोग अपने रिश्तेदारों की बातों पर आकर उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। दोनों के बीच में काफी प्यार था। हरजीत ने काजल का तीन दिन पहले जन्मदिन पूरे धूमधाम से मनाया था। उनके पूरे घर में उस दिन के अभी तक फूल बिखरे पड़े है। वहीं बहन ने कहा कि हरजीत और मैं खुद उसे आगे पढ़ने के लिए व कुछ करने के लिए प्रेरित करते रहते थे। क्योंकि काजल एमए-बीएड थी।
पिता बोले, सुसाइड नोट की लिखाई काजल की नहीं, पांव बेड पर टिके हुए थे
काजल के पिता हरजीत ने कहा कि पुलिस ने जो सुसाइड नोट बरामद किया है। उसमें जो लिखाई है वो काजल की नहीं है। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह वहां पहुंचे तो काजल के पांव बैड पर लगे हुए थे और बेड पर पड़ी कुर्सी से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि काजल को मारकर पंखे से लटकाया गया है। उन्होंने कहा कि काजल का सुसाइड नोट किचन में मिला है, जबकि फंदा उसने ऊपर कमरे में लगाया है, जिससे प्रतीत हो रहा है कि हरजीत ने काजल को मार लटकाया है। साथ ही आरोप लगाया कि कमरे के सारी कुंडी खुली थी। वह हरजीत उस दिन अपने घर पर तीन दोस्तों को लेकर पूरी कहानी बनाने के लिए लेकर आया था।
पति व सास-सुसर पर मामला दर्ज, फाॅरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य : रणधीर सिंह
थाना सदर थानेसर प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की एक महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी है। जिसके बाद वह अपनी टीम और फाॅरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और शव मायके पक्ष को सौंप दिया है। नैपकिन पर लिखावट की जांच भी करवाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।