पानीपत के विकास नगर में तीन माह पुरानी रंजिश में एक युवक का बदमाशों ने देसी कट्टे के बल पर अपहरण किया और खाली प्लाट में ले जाकर उस पर गंडासी व डंडों से हमला कर दिया। एक बदमाश की मां मौके पर पहुंची, जिसने छुड़ाने के बजाय वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। पीड़ित किसी तरह बदमाशों को धक्का देकर मौके से भाग निकला और उसने मामले की शिकायत सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी।
विकास नगर निवासी विनित ने बताया कि तीन माह पहले विकास नगर में उसके दोस्त आशीष निवासी धर्मगढ़ का सोनू के साथ झगड़ा हो गया था, जिस कारण सोनू उससे रंजिश रखने लगा। रात साढ़े नौ बजे वह अपने दोस्त अमन देशवाल के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे जब वह अपने घर के पास पहुंचा तो सोनू, दिप्पी पांचाल, नीरज प्रधान, सुब्बा, शांतनू, दो बाइक पर आए और सोनू ने उसकी कमर में देसी कट्टा अड़ा दिया। इसके बाद जबरदस्ती उसे बाइक पर बैठाकर एक खाली प्लाट में ले गए। आरोपियों के पीछे उसका दोस्त अमन भी आ गया। आरोपियों ने बाइक से उतारते ही उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।
प्लाट में रखे थे पहले से गंडासी व अन्य हथियार
आरोपी उसे बंधक बनाकर जिस प्लाट में लेकर गए थे, उसमें गंडासी और डंडे पहले से रखे हुए थे। आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्द कहे। उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसी बीच सोनू की मां बबीता आई, जिसने उसे छुड़वाने के बजाय उसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। मौके पर जमा भीड़ ने भी उसे नहीं छुड़ाया।
उसने बचने का प्रयास किया तो दिप्पी ने उसके पैर में डंडा मारा, जिससे वह वहीं पर गिर गया।
छाती पर पैर रखकर मारने लगे गंडासी, धक्का देकर भागा
विनित ने बताया कि सोनू उसकी छाती पर पैर रखकर गंडासी मारने लगा, उसने मौका मिलते ही आरोपी को धक्का दिया और वहां से भाग निकला। जिसके बाद उसने अस्पताल में अपना इलाज कराया और मामले की शिकायत दी।