अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सनौली रोड वाल्मीकि बस्ती में बिजली चोरी पकड़ने गए बिजली निगम के एक जेई की स्थानीय लोगों ने बंधक बनाकर पिटाई कर दी। इस दौरान अन्य अधिकारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने बंधक बनाए जेई को मौके पर पहुंचकर छुड़वाया। हमले में जेई सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। कॉलोनी के लोगों ने अल सुबह महिलाओं के नहाते समय मकानों में जबरदस्ती घुसने के आरोप बिजली कर्मियों पर लगाए हैं। लोगों ने पहले कॉलोनी और फिर थाना चांदनी बाग में बिजली निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। इन सबके बीच बिजली निगम की यूनियन थाने में पहुंची और निगम अधिकारियों को बेकसूर बताया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने फिलहाल जेई के बयानों के आधार पर दो लोगों को नामजद करते हुए कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कॉलोनीवासियों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
सनौली रोड सब डिविजन के एसडीओ अशोक कुमार मंगलवार सुबह चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और सनौली रोड पर जालीवाला कारखाने के पास वाल्मीकि बस्ती में कुछ लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। इस पर बिजली निगम के अधिकारियों ने सनौली रोड सब डिविजन के जेई श्रीकृष्ण, जेई रोहित, जेई मनोज कुमार मिगलानी सहित सात सदस्यों की टीम बना दी। इस टीम ने बताए गए स्थानों पर मंगलवार तड़के छापे मारे। कार्रवाई के दौरान वाल्मीकि बस्ती के दो लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ लिया। टीम ने सबसे पहले चोरी हो रही वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी शुरू की। अधिकारियों ने अपनी पूरी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों का अलग-अलग पर्चा काट दिया। अधिकारियों का आरोप है कि जब वह बिजली का पर्चा भरकर वहां से चलने लगे तो दोनों आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जेई श्रीकृष्ण को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कॉलोनीवासियों के हमला करते ही अन्य अधिकारी मौके से भाग निकले और थाना चांदनी बाग पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जेई श्रीकृष्ण को छुड़वाया। पुलिस ने उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। वहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। जेई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजली निगम के अधिकारियों का आरोप है कि जिस बुक संख्या 61 में चालान काटा गया था, वह भी आरोपियों ने छीनकर फाड़ दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सतीश और विनोद के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपी पक्ष ने भी लिखित शिकायत दी है।
धरने में उलझी हरियाणा पुलिस
बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि चोरी पकड़ने वाले अफसरों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल उन्हें पुलिस की तरफ से भी कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। जब पुलिस कर्मचारियों से छापे के दौरान साथ रहने की प्रार्थना संबंधित थाने में दी जाती है तो उनकी तरफ से साफ मना कर दिया जाता है और जवाब मिलता है कि सारे हरियाणा की पुलिस जाट समाज के धरनों में सुरक्षा के मद्देनजर तैनात है।
महीने की तीसरी घटना
बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली निगम प्रयास कर रहा है। इस दौरान कोई न कोई निगम अधिकारी या कर्मचारी बिजली चोरों का शिकार हो रहा है। 30 दिन के अंदर जेई के साथ मारपीट करने की शहर में यह तीसरी घटना है। पिछले महीने की 21 जनवरी को मुखीजा कॉलोनी में कुछ लोगों ने एक लाइनमैन को बंधक बनाकर पीट था। तीन दिन पूर्व सलारगंज गेट के पास फेस लैस चेकिंग के तहत छापा मारने गए निगम के दो अधिकारियों को पीटा गया। मंगलवार सुबह छापा मारने गए जेई श्रीकृष्ण को घेराबंदी करके पीटा गया।
कॉलोनी के लोगों ने लगाए आरोप
वाल्मीकि बस्ती कॉलोनी के लोगों ने पहले कॉलोनी और फिर थाना चांदनी बाग में हंगामा किया। महिलाओं और पुरुषों का दावा था कि सुबह महिलाएं कमरों में स्नान कर रही थी। बिजलीकर्मी मकानों में जबरदस्ती घुस आए और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। कॉलोनी में किसी तरह की बिजली चोरी नहीं की जा रही। वे खुद ही बिजली चोरी के खिलाफ हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। लोगों ने थाना चांदनी बाग पुलिस में बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
खौफ के साये में है अधिकारी
बिजली चोरी रोकने के लिए निगम कोई न कोई स्कीम लागू कर रहा है। अब आए दिन मारपीट की घटनाओं से छापे मारने वाले अधिकारी घबराए हुए हैं। कहीं भी छापा मारने जाते हैं तो कोई भी उन्हें बंधक बना लेता है। इसके बाद बिजली चोर उन पर ही आरोप लगाते हैं। अधिकारियों का आरोप है कि जिसकी बिजली चोरी सबूतों के साथ पकड़ ली जाती है, वही बिजली चोर उन पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगाते हैं। इन सबसे तंग होकर पिछले दिनों बिहौली सब डिविजन के एसडीओ ने इस्तीफा तक दे दिया था।
सड़कों पर उतरेेंगे कर्मचारी : सैनी
ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन यूनिट के बैनर तले बिजलीकर्मी थाना चांदनी बाग में पहुंच गए। सिटी यूनिट के प्रधान जितेंद्र सैनी ने बिजली अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जितेंद्र ने बताया कि इस घटना के बारे में एससी व एक्सईएन से भी उनकी बातचीत हो गई है। यदि पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कारवाई नहीं की जाती है तो कर्मचारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
फेसलैस चेकिंग के तहत हमारी एक टीम वाल्मीकि बस्ती में छापा मारने गई थी। वहां कुछ लोगों ने टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में एक जेई को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने जेई से चालान बुक भी छीन ली है। पूरी घटना की सूचना थाना चांदनी बाग को दी गई है। एसडीओ ने आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
अशोक कुमार, एसडीओ, सनौली रोड सब डिविजन।
वर्जन
जेई मारपीट प्रकरण में सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट के आरोप में सतीश, विनोद को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पक्ष की तरफ से भी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की लिखित शिकायत आई है। इसकी जांच की जाएगी। जांच में जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जसपाल सिंह ढिल्लो, प्रभारी, थाना चांदनी बाग पानीपत।