हुडा सेक्टर 11/12 में वीरवार को पड़ोसी के साथ बेटे के विवाद को सुलझाने गए बुजुर्ग प्रॉपर्टी डीलर की छाती पर पड़ोसी ने दोनाली बंदूक तान दी।
इससे सकते में आए प्रॉपर्टी डीलर की हालत इतनी बिगड़ी कि कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। प्रथम दृष्ट्या मौत मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
प्रॉपर्टी डीलर के बेटे ने पड़ोसियों पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर थाना चांदनी बाग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पड़ोसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-25 निवासी 61 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर हंसराज नारंग का दफ्तर सेक्टर 11-12 में आहुजा स्वीट्स के पीछे है। साथ में उनके बेटे रोहित का मेडिकल स्टोर है।
हंसराज सेक्टर 11-12 में मकान बना रहे थे। इसी दौरान उनका अपने पड़ोसी रविंद्र जैन और गगन जैन के साथ झगड़ा हो गया था। हंसराज के बेटे रोहित ने बताया कि पड़ोसी रविंद्र जैन और गगन जैन उनके साथ झगड़ा करते थे। पहले पंचायती तौर पर विवाद सुलझा लिया गया था।
वीरवार शाम को कोरियर कंपनी का कर्मचारी उनका कोरियर लेकर आया और उसने धोखे से पड़ोसी रविंद्र जैन के दरवाजे की बेल बजा दी। कूरियर कर्मी ने रविंद्र से हंसराज के बारे में पूछा तो रविंद्र भड़क गया। शोर सुनकर गगन जैन भी वहां आ गया। दोनों ने कूरियर कर्मी के साथ गाली-गलौच की और उसको धक्के मारे। कूरियर कर्मचारी किसी से पता पूछकर उनके घर आया और आपबीती बताई।
रोहित ने बताया कि वह कूरियर कंपनी के कर्मचारी के साथ की गई बदतमीजी का कारण जानने के लिए रविंद्र जैन के घर गया। रविंद्र जैन और गगन जैन ने उसको भी धक्के मारे और बदतमीजी की। उसने फोन पर पिता हंसराज को इसकी सूचना दी तो हंसराज भी मौके पर पहुंच गए।
रोहित ने बताया कि जैसे ही उनके पिता ने रविंद्र और गगन को समझाने की कोशिश की तो उन्होंने उसके पिता पर दोनाली बंदूक तान दी। इससे उसके पिता की तबीयत बिगड़ गई।
वह उनको नजदीक के एक अस्पताल में ले गया। वहां डॉक्टर न मिलने पर अग्रसेन अस्पताल में ले गया जहां डॉक्टरों ने हंसराज को मृत घोषित कर दिया।
विवाद की सूचना पाकर थाना चांदनी बाग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस ने रोहित के बयान पर आरोपी रविंद्र जैन और गगन जैन पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हंसराज के परिजनों ने रविंद्र जैन व गगन जैन पर उसके पिता पर बंदूक तानने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों की सलाह लेकर आगे की कार्रवाई करेगी।-
अनिरुद्ध, प्रभारी, थाना चांदनी बाग पानीपत।