पानीपत सिविल अस्पताल के पालने में शराब की बोतलें मिलने का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड स्थित एंबुलेंस कंट्रोल रूम नंबर 108 में बैठकर शराब पी रहे ड्राइवर और ऑपरेटर को डिप्टी सीएमओ ने पकड़ लिया। डिप्टी सीएमओं ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया। दोनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डिप्टी सीएमओं ने पुलिस को दी सूचना दी, पुलिस ने दोनों को काबू कर मेडिकल कराया
सूत्रों के अनुसार शनिवार रात साढ़े 11 बजे अस्पताल से किसी ने डिप्टी सीएमओ डॉ शशि गर्ग को फोन कर सूचना दी कि एमरजेंसी वार्ड स्थित एंबुलेंस कंट्रोल रूम नंबर 108 में बैठकर कम्प्युटर ऑपरेटर मनु और एंबुलेंस ड्राइवर विकास शराब पी रहे है। जिस सूचना पर डॉ शशि गर्ग रात को ही अस्पताल पहुंची। एंबुलेंस कंट्रोल रूम में गई तो दोनों नशे में धुत मिले। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को अपने साथ ले गई। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
सोनीपत में अनियंत्रित कार नहर में गिरी: गेस्ट टीचर की मौत, पति व दो बच्चे सुरक्षित
अस्पताल में बनी कैंटीन पर बैठकर पी शराब
सूत्रों के अनुसार दोनों पहले सामान्य अस्पताल में बनी एक निजी कैंटीन पर बैठकर दोनों ने शराब पी। वहां पर अभद्र व्यवहार किया। नशे में धुत होने के बाद वह एंबुलेंस कंट्रोल रूम में आकर बैठ गए। आशंका है कि वहां पर आकर भी शराब पी। इसी बीच अस्पताल से डिप्टी सीएमओं को उनके शराब पीने की सूचना मिली।
पहले भी सामने आ चुके मामले
सामान्य अस्पताल में नौ मार्च को पालने में शराब की खाली बोतले मिली थी, जो मामला अब तक ठंडा नहीं हो पाया है। दो साल पहले अस्पताल की लैब में शराब पीते हुए कर्मचारी पकड़े गए थे। जिनकी स्वास्थ्य विभाग ने जांच भी कराई थी।
पुलिस जांच में जुटी
डिप्टी सीएमओ की तरफ से शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
- इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन, प्रभारी शहर थाना।