अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जीआरपी थाने से चंद कदम की दूरी पर बदमाशों ने कुक की गर्दन पर चाकू रखकर हजारों रुपये लूट लिए। तीन बाइकों पर सवार होकर आए बदमाश वारदात कर मौके से भाग निकले। वारदात से सहमे तीनों युवक पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
नेपाल के गांव रामपुर जिला ढांग मूल निवासी बसंत (23) पिछले कई वर्षों से मॉडल टाउन में ही कुक का काम करता है। अपने चचेरे भाई युवराज (19) और प्रकाश (17) निवासी हुडा सेक्टर-29 के साथ अपनी बहन और जीजा सहित परिवार के दस सदस्यों को शनिवार सुबह दिल्ली छोड़ने गए थे। सभी को नेपाल जाना था। परिजनों को दिल्ली छोड़कर शनिवार देर रात तीनों युवक पानीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वहां से बाहर आकर ऑटो का इंतजार करने लगे। तभी तीन बाइकों पर सवार होकर आठ बदमाश वहां आए। उन्होंने कुक बसंत की गर्दन पर चाकू रख दिया। इससे कुक का चचेरा भाई युवराज और उसका दोस्त प्रकाश सहम गए। बदमाशों ने पहले तो कुक बसंत की जेब से तीन हजार रुपये और एक मोबाइल फोन लूट लिया। उसके बाद चचेरे भाई से एक मोबाइल लूटा। लुटेरों को प्रकाश के पास कुछ नहीं मिला। बदमाशों ने कुक बसंत के हाथ और कमर में चाकू से वार किए। इससे बसंत के हाथ में कट लग गया। बताया जा रहा है कि वारदात जीआरपी थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई। जीआरपी वारदात से इंकार कर रही है।
हमारे क्षेत्र में ऐसी वारदात नहीं हुई है। वैसे भी रातभर पुलिस रेलवे स्टेशन पर चौकस रहती है। यदि फिर भी युवक शिकायत देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
बृजपाल राणा, प्रभारी, थाना जीआरपी, पानीपत।