रिफाइनरी रोड पर थाना सदर एसएचओ व सिपाही को कार से कुचलने का प्रयास किया। हमलावर बाद में कार को बैक कर लाए और सिपाही का हाथ पकड़कर उसको घसीटते हुए ले गए। हमलावर कुछ दूरी पर सिपाही को रोड पर ही फेंक कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
सोमवार की रात गणतंत्र दिवस को लेकर शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए थे। वाहनों की चेकिंग हो रही थी। हर संदिग्ध पर पुलिस की नजर थी। इसी के मद्देनजर थाना सदर एसएचओ अमित कुमार अपनी टीम के साथ रिफाइनरी रोड पर तैनात थे। जहां वह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने रात साढ़े आठ बजे शहर की ओर से आ रही एक कार को चेकिंग के लिए रुकवाया। तभी उसी साइड से आ रही तेज रफ्तार आई-20 कार ने उनको कुचलने का प्रयास किया। एसएचओ और सिपाही सामने से हट गए।
आरोपी कार सवार कार को बैक लेकर आए और कार का शीशा नीचे कर सिपाही का हाथ पकड़कर उसको कार के साथ 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। एसएचओ ने पुलिस की जिप्सी में कार का पीछा किया। आरोपी कार सवार सिपाही को रोड पर ही फेंक कर कार को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना सदर पुलिस ने तीनों अज्ञातों पर हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्जन
सोमवार रात को वह रिफाइनरी रोड पर कार की चेकिंग कर रहे थे। उसी वक्त एक अज्ञात कार ने उन्हें और सिपाही को कुचलने का प्रयास किया। बाद में कार सवार सिपाही को घसीटते हुए ले गए। पीछा करने पर बदमाश कार को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात तीनों लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अमित कुमार, एसएचओ, थाना सदर, पानीपत।