पानीपत सीआईए टू ने अनाज मंडी सड़क पर एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी से खुलासा हुआ कि वह मारधाड़ की फिल्में देखने का शौकीन है। फिल्मों में एक्टर व विलेन पिस्तौल रखते है। उन्हें देखकर आरोपी दोस्तों में रौब जमाने के लिए कुछ दिन पहले उत्तराखंड के हरिद्वार से उक्त देसी पिस्तौल एक अज्ञात युवक से पांच हजार रुपयों में खरीदकर लाया था। आरोपी सुशील उर्फ सचिन के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
जांच अधिकारी के अनुसार
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को बुधवार देर शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक विकास नगर की और से अनाज मंडी रोड होते हुए जीटी रोड की तरफ आ रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए अनाज मंडी रोड पर धर्म कांटे के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध युवकों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात सामने से संदिग्ध किस्म का एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया।
युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान सुशील उर्फ सचिन निवासी इसराना के रूप में बताई। तलाशी लेने पर आरोपी की पहनी हुई लोअर की जेब से अवैध एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला।