जीटी रोड पुलिस लाइन के सामने दिल्ली-पानीपत लेन पर कैंटर की चपेट में आने से एक्टिवा सवार दादा-पोती की मौत हो गई और बच्ची का पिता घायल हो गया। घायल का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वे तीनों पुलिस लाइन में स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी देखकर लौट रहे थे। बच्ची गांव के ही एक स्कूल की नर्सरी कक्षा की छात्रा थी। हादसे के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
रविवार को जीटी रोड पर दिल्ली-पानीपत लेन में पुलिस लाइन के पास कैंटर की चपेट में आने से एक्टिवा सवार रमेश कुमार (53) और उनकी तीन साल की पोती आयशा की मौत हो गई। आयशा का पिता सुभाष घायल हो गया। गांव बिंझौल निवासी सुभाष ने बताया कि पिता रमेश और तीन साल की बेटी आयशा के साथ वह रविवार को पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी में गया था। प्रदर्शनी देखकर वे दोपहर बाद स्कूल से निकले। वह एक्टिवा चला था।
आयशा बीच में तो पिता सुभाष पीछे बैठे थे। दिल्ली-पानीपत लेन पर पुलिस लाइन के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल आयशा को सिविल अस्पताल और उसके पिता रमेश को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद आयशा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पिता रमेश ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण सिविल अस्पताल में पहुंचे।
परिवार के दो सदस्यों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा गया है। पुलिस ने दादा रमेश व बच्ची आयशा के शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिए हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतक दादा-पोती के शवों को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया है। सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस फरार कैंटर चालक की तलाश कर रही है।
जसपाल सिंह, प्रभारी थाना चांदनी बाग पानीपत।