फोटो संख्या- 43
दुकान के आगे कूड़ा डालने से मना किया तो दुकानदार को धुना
मारपीट की वारदात सीसीटीवी में कैद, दुकानदार ने करवाया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। इंसार बाजार में दुकान के बाहर कूड़ा फेंकने से मना करने पर एक छात्र ने दोस्तों को बुलाकर दुकानदार की धुनाई कर दी। पीड़ित दुकानदार ने मामला दर्ज करवा दिया है।
एक छात्र ने दोने में खाकर उसे दुकान के आगे फेंक दिया। दुकानदार ने उसे उठाने के लिए कहा। इसके बाद छात्र ने दुकानदार के साथ गाली-गलौच शुुरू कर दी और मौके से जाने लगा। दुकानदार ने उसका रास्ता रोक लिया। इससे छात्र तैश में आ गया व दुकानदार के साथ हाथापाई करने लगा। मौके पर अन्य दुकानदार भी एकत्र हो गए व बीच-बचाव कर छात्र को वहां से जाने का कहा। उस दौरान छात्र वहां से चला गया। इसके 10 मिनट बाद छात्र अपने अन्य आठ बदमाश दोस्त के साथ मौके पर आया। उन्होंने आते ही दुकानदार पर हमला बोल दिया। छात्रों के हाथ में पंच थे, जिससे उन्होंने दुकानदार पर हमला किया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित छात्र मौके से भाग गए। भागते हुए छात्रों में से दो को दुकानदारों ने पकड़ लिया व उनकी धुनाई की। दोनों आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदारों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं आई। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार को फोन कर कहा कि अगर उसने मामले की शिकायत देनी है, तो वे थाने में आ जाए। इसके बाद पीड़ित दुकानदार थाना शहर पुलिस के पास गया और मामला दर्ज करवाया।
पीड़ित दुकानदार रामबाबू ने बताया कि वीरवार दोपहर को बाजार में कड़ी चावल का प्रसाद वितरित हो रहा था। उसी प्रसाद को लेकर बाइक पर खाता हुआ एक युवक उसकी दुकान के बाहर आया। उसने प्रसाद सहित डिस्पोजल दोना उसकी दुकान की बाहर फेंक दिया। इसका उसने विरोध किया। विरोध करने पर वह आरोपित छात्र उसके साथ गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद विवाद बढ़ गया व उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में स्थानीय दुकानदार बीच-बचाव में आ गए। उसके बाद आरोपित छात्र वहां से चला गया और 10 मिनट बाद उसके आठ अन्य साथियों संग वहां आया व दुकानदार पर हमला कर मौके से फरार हो गए। मौके पर पकड़े गए दो आरोपियों को दुकानदारों ने धुनाई भी की, लेकिन वो भी फरार हो गए।