अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/समालखा। जीटी रोड गांव पट्टीकल्याणा के पास ट्रक के कुचलने से मोटरसाइकिल सवार पिता, बेटी व बुआ की मौत के बाद दोनों परिवारों का सहारा टूट गया और दोनों के बच्चों का भविष्य उलझ गया। हादसे में एक बच्ची समेत तीनों लोगों की मौत के बाद दोनों परिवारों में मातम है।
पट्टीकल्याणा में जीटी रोड पर वीरवार को ट्रक के कुचलने से तहसील कैंप सात साल की बच्ची आरिध्या उर्फ परी और बुआ गरिमा उर्फ रीटा निवासी पुरानी मंडी चौक सफीदों के शवों के बाद शुक्रवार को पिता निवासी चंद्र का शव तहसील कैंप स्थित रामनगर पहुंचा तो सब बिलख पड़े। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेम सचदेवा, डीएसपी मुख्यालय जगदीप दूहन, समालखा डीएसपी नरेश अहलावत और समालखा थाना प्रभारी जितेंद्र आंतिल और अन्य लोगों ने परिवार को सांत्वना दी। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक मंजीत निवासी पुरखास सोनीपत को गिरफ्तार कर लिया। विदित है कि तहसील कैंप रामनगर निवासी चंद्र अपनी सात साल की बेटी और बहन गरिमा निवासी सफीदों के साथ बाइक पर पानीपत से समालखा स्थित पाइट कॉलेज जा रहा था। वे तीनों मोटरसाइकिल पर थे। वे जैसे ही पट्टीकल्याणा के पास पहुंचते ही पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक से नीचे गिरी बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची व बुआ गरिमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। चंद्र ने देर रात को एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
दोनों के बच्चों की पढ़ाई की चिंता
बताया जा रहा है कि चंद्र और बेटी की मौत के बाद पत्नी दीपा और बेटा गर्वित हैं। उनके पास अब कोई सहारा नहीं है। चंद्र के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और दूसरे भाइयों का पहले से ही अलग काम है। वहीं गरिमा की मौत के बाद बेटे अनुभव व बेटी हिमांशी की भी पढ़ाई की चिंता सताने लगी है।
जीटी रोड पट्टीकल्याणा के पास सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई थी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जितेंद्र आंतिल, प्रभारी, थाना समालखा।