रूम हीटर जलाकर सो रहा था उद्यमी, सोफे में लगी आग से फैला धुआं, दम घुटने से मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। तहसील कैंप में एक कंबल उद्यमी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह परिजनों ने मकान के ऊपर वाले कमरे से धुआं उठता देखा तो मौके पर पहुंचे। यहां उद्यमी मृत मिला, कमरे में धुआं भरा था और हीटर जल रहा था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि, सोफे का कपड़ा हीटर पर गिरने से लगी आग के बाद धुआं कमरे में भरा गया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर तहसील कैंप चौकी पुलिस दमकल विभाग के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में उद्यमी की एक अंगुली पर आग लगने का निशान मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। उद्यमी की इस तरह से आग लगने पर मौत होने पर क्षेत्र में चर्चाएं बनी हुई हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार ललित कुमार (51) निवासी रामनगर, तहसील कैंप की नूरवाला में कंबल फैक्ट्री है। वह रविवार रात को अपने मकान के ऊपर बने कमरे में अकेला सो रहा था। उद्यमी ने ठंड से बचने के लिए अपने कमरे रूम हीटर जला रखा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात को रूम हीटर पर सोफे का कपड़ा गिर गया, नतीजतन सोफे ने आग पकड़ ली। इससे उठा धुआं कमरे से बाहर नहीं निकल पाया और पूरा कमरा धुएं से भर गया। उद्यमी का धुएं से दम घुट गया और वह बेड से भी नहीं उठ पाया। परिवार के लोगों ने सोमवार सुबह मकान की एक खिड़की से कुछ धुआं निकलते देखा तो ऊपर पहुंचे। उनको ललित कुमार मृत मिला। तहसील कैंप चौकी प्रभारी सुनील कुमार सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीम ने कमरे में उठे धुएं को नियंत्रित किया और पुलिस ने शव को कमरे से निकालकर शवगृह में रखवाया। परिजनों ने पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पत्नी पुष्पा अपनी सास के पास थी
पुलिस के अनुसार उद्यमी ललित कुमार की पत्नी पुष्पा रविवार रात को अपनी सास लाजवंती के साथ नीचे कमरे में सो रही थी। परिजनों के अनुसार लाजवंती की तबीयत कई दिनों से खराब चल रही थी। बताया जा रहा है कि पुष्पा सोमवार सुबह अपने पति को उठाने के लिए ऊपर पहुंची तो सारे कमरे में धुआं फैला हुआ था और उसके पति ललित कुमार मृत अवस्था में बेड पर पड़े थे। हालात देख वह जोर-जोर से विलाप करने लगी। परिवार व पास पड़ोस के लोग उसके रोने की आवाज सुनकर पहुंचे।
घर में थे तीन सदस्य
हादसे के वक्त घर में उद्यमी के अलावा उसकी पत्नी पुष्पा व उसकी मां लाजवंती थी और वे दोनों नीचे कमरे में सो रहीं थीं और उद्यमी अकेला ऊपर बने कमरे में सो रहा था। मृतक अपने पीछे दो संतान छोड़ गया है, एक लड़का और एक लड़की। बेटा अक्षय मलिक गुरुग्राम में स्थित एक कंपनी में जॉब करता है और लड़की मानषी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रही है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
आग लगने के बाद दम घुटने से मौत होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नवंबर 2011 में हरिसिंह कॉलोनी में मकान के नीचे गोदाम में आग लगने से उठे धुएं में एक दंपति की मौत हो गई थी। उद्यमी दंपति को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया था। वहीं हुडा सेक्टर-11 में दो साल पहले एक गोदाम में आग लगने से मकान के ऊपर सो रहे दो बच्चों की मौत हो गई थी। एक बच्चा अपने मामा के घर आया था।
सामान्यत: आग नहीं पकड़ता रूम हीटर
रेलवे रोड स्थित आकाश इलेक्ट्रॉनिक के संचालक राजेश गोयल ने बताया कि रूम हीटर सामान्यत: आग नहीं पकड़ता। शायद उस पर कोई कपड़ा गिर गया होगा। जिसकी वजह से सोफे ने आग पकड़ ली होगी। आग के बाद कमरे में धुआं फैल गया होगा। रूम हीटर बेड व कपड़ों से दूर एक कोने में रखना चाहिए।
रूम हीटर का प्रयोग करने वाले ये बरतें सावधानी
1. रूम हीटर के आस-पास कपड़े व लकड़ी का सामान न रखा हुआ हो।
2. दरवाजे व खिड़कियों को थोड़ा-सा खोलकर रखें।
3. रूम हीटर को ज्यादा हीटिंग पर न जलाएं।
4. रूम हीटर को खाली स्थान पर रखें।
वर्जन
पुलिस को तहसील कैंप में एक मकान में आग लगने से उद्यमी ललित कुमार की मौत होने की सूचना मिली थी। वे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में रूम हीटर के चलते आग लगने के बाद उठे धुएं में दम घुटने से मौत होना प्रतीत होता है। पुलिस ने इसमें 174 के तहत कार्रवाई की है।
सुनील कुमार, चौकी प्रभारी, तहसील कैंप, पानीपत।