लूट में इस्तेमाल की गई कार बरामद
-सोमवार की देर रात चार कार सवार लुटेरों ने दो पंपों से ढाई लाख लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
इसराना। पानीपत के गांव परढाना में एक साथ दो पेट्रोल पंप लूट कर फरार आरोपियों की कार को इसराना थाना पुलिस ने मंगलवार को गांव अलुपुर के रकबे से बरामद कर लिया है। पुलिस ने कार को केस की जांच के लिए इंपाउंड कर लिया है। वहीं पुलिस ने कार की एफएसएल की टीम से जांच करवाई। पुलिस का दावा है कि दोनों पेट्रोल पंप की लूट की घटनाओं में लुटेरों ने इसी कार का इस्तेमाल किया है। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई हैं।
सोमवार की देर रात परढ़ाना रोड पर दो अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर करीब ढाई लाख रुपये की नगदी लूट ली। आरोपियों ने पेट्रोल पंप चालकों को डराने के लिए दोनों पंपों पर कई राउंउ फायरिंग भी की। वहीं कार में सवार चार आरोपित युवक एक कार में सवार होकर तेल डलवाने के बहाने भटला फिलिंग स्टेशन गांव परढाना पहुंचे। कार सवार बदमाशों ने पंप कर्मचारी को कार में तेल भरने के लिए कहा। इस दौरान कार सवार बदमाशों ने कार से उतर कर सेल्समैन को पिस्तौल अड़ा दी और हत्या करने की धमकी देकर नगदी की मांग की। बदमाश सेल्समैन को हथियार के बल पर पंप के कार्यालय में ले गए। वहीं सेल्समैन ने कार्यालय में नगदी रखी अलमारी की चाबी नहीं दी तो लुटेरों ने सेल्समैन को डराने के लिए फायरिंग की। जान खतरे में देख सेल्समैन ने अलमारी में रखी 90 हजार रुपये की नगदी बदमाशों को दे दी। वहीं कार सवार बदमाशों ने गांव परढाना की तरफ स्थित सांगवान फिलिंग स्टेशन पर जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया।
बदमाशों ने सांगवान पंप के कर्मचारियों को भी डराने के लिए यहां पर फायरिंग की। लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बदमाश कार में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस मुख्यालय ने बीटी कर जिला भर में नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने लुटेरों की गहन तलाश शुरू की, लेकिन पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी। इधर, थाना इसराना पुलिस व डीएसपी बिजेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। वहीं पुलिस ने मंगलवार की सुबह गांव अलुपुर के पास से लूट में इस्तेमाल की कई कार बरामद की है। माना जा रहा है कि दोनों पेट्रोल पंप लूट के बाद बदमाश कार को गांव के पास छोड़ कर फरार हो गए, ताकि पुलिस लुटेरों का सुराग न लगा सके। इधर, थाना इसराना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि दो पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात की पुलिस गहन जांच कर रही है।