पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप, की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
गांव इसराना के ग्रामीणों ने थाना पुलिस पर एक किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर देसराज ने मामले में उचित व निष्पक्ष कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इसराना निवासी जयभगवान, सुरेंद्र, ओमप्रकाश, जसमत, कुलदीप, राजू, अजय, रामपाल, रवि, सुरेश, सावित्री, तारावती, भानी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला कमल 29 जुलाई को एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया था। इसमें उसका साथ सुनीता, कुनाल व संदीप ने दिया था। उन्होंने लड़की को सब जगह तलाश किया, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। उसी दिन से आरोपी युवक व उसका पिता घर वापस नहीं लौटे। उन्होंने इस बारे में थाना इसराना पुलिस को शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की ढिलाई के कारण ही आज तक उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की कार्रवाई से परिजनों में रोष है।