फैक्ट्री में सीढ़ियों से गिरने से श्रमिक की मौत
-साथी कर्मचारियों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। किशनपुरा स्थित फैक्ट्री में सीढ़ियों से गिरने के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची किशनपुरा चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को करवाया जाएगा।
गांव अमावता, जिला अरैया, यूपी निवासी उपेंद्र (35) कई वर्षों से किशनपुरा में किराये के मकान में रहता था और यहीं स्थित धागा फैक्ट्री में काम करता था। बताया जा रहा है कि उपेंद्र बुधवार सुबह फैक्ट्री में सीढ़ियों पर चढ़ रहा था कि अचानक पैर फिसलकर गिर पड़ा। सीढ़ियों से गिरने के कारण वह बेसुध हो गया। साथी श्रमिक उसे लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी। किशनपुरा चौकी पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजन अभी पानीपत नहीं पहुंचे हैं। परिजनों के आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को करवाया जाएगा।